भारत को 500 प्रतिशत टैरिफ की धमकी देने वाले लिंडसे ग्राहम ने मारी पलटी, ट्रेड डील पर ट्रंप की तारीफ, जानें क्या बोले

वॉशिंगटन: अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने भारत पर टैरिफ कम करने के लिए डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ की है। लिंडसे ग्राहम ने बीते साल बार-बार भारत को 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। भारत-अमेरिका ट्रेड डील की घोषणा के बाद वह ट्रंप की तारीफ करने लगे हैं। डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर टैरिफ 50 से 18 फीसदी करने को ग्राहम उनका शानदार कदम कह रहे हैं। ग्राहम का कहना है कि यह फैसला रूस पर लगाम कसेगा।

लिंडसे ग्राहम ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है, ‘प्रेसिडेंट ट्रंप ने शानदार काम कर दिया। मुझे लगता है कि यूक्रेन को युद्ध को खत्म करने के बारे में ट्रंप का मैसेज काम कर रहा है। इसने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उन कस्टमर देशों को फिर से सोचने पर मजबूर किया जा रहा है, जो उनकी युद्ध मशीन को सपोर्ट करते है।’

रूस को हम मजबूर करेंगे: लिंडसे ग्राहम

ग्राहम ने आगे लिखा, ‘अपने व्यवहार से भारत ने अमेरिकी टैरिफ में यह कटौती हासिल की है। मुझे उम्मीद है कि रूस से तेल खरीदने वाले दूसरे बड़े देश भी भारत की राह पर चलेंगे। पुतिन तभी बातचीत की टेबल पर आएंगे, जब उनको बहुत दर्द होगा। हम अभी वहां नहीं हैं लेकिन भारत के कदम से करीब पहुंच रहे हैं। रूस को यूक्रेन में खून-खराबा खत्म करना होगा।’भारत और अमेरिका के बीच बीते साल टैरिफ के मुद्दे पर तनातनी बढ़ने के बाद लिंडसे ग्राहम के बयान काफी चर्चा में रहे थे। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर सख्त रुख दिखाते हुए 50 फीसदी टैरिफ लगाया था। ग्राहम ने तब इससे भी आगे बढ़ते हुए कहा था कि भारत पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगना चाहिए। उन्होंने भारत को युद्ध में रूस की मदद करने वाला देश कहा था।

लिंडसे ग्राहम का भारत पर रुख

लिंडसे ग्राहम डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के नेता और अमेरिकी सीनेटर हैं। वह 2002 में अमेरिकी सीनेट के लिए चुने गए। उन्हें 2008 , 2014 और 2020 में फिर चुना गया। ग्राहम ने 2019 से 2021 तक न्यायपालिका पर सीनेट समिति की अध्यक्षता कर चुके हैं। ग्राहम राजनीति से पहले अमेरिकी एयरफोर्स और वकालत के क्षेत्र में काम कर चुके हैं।

लिंडसे ग्राहम को रूस और चीन पर सख्त रुख के लिए जाना जाता है। बीते साल भारत उनके निशाने पर रहा था। ग्राहम ने बेहद सख्त भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा था कि अगर भारत ने रूस से तेल लेना बंद नहीं किया तो उसकी अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर देंगे। हालांकि अब वह भारत से व्यापार समझौता करने के लिए ट्रंप की तारीफ कर रहे हैं।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *