ये क्या हो गया बिटकॉइन को! एक हफ्ते में 20प्रतिशत गिर गया, अन्य क्रिप्टो का क्या हाल

नई दिल्ली: इन दिनों क्रिप्टोकरेंसी की दुनिया में उथल-पुथल मची हुई है। एक ही हफ्ते में क्रिप्टोकरेंसी का कुल बाज़ार मूल्य लगभग 500 अरब डॉलर कम हो गया। बिटकॉइन की कीमत में तो करीब 20% की गिरावट आई है। इस समय बिटकॉइन का भाव लगभग 70,000 डॉलर पर आ गया है। एक दिन में ही इसमें 8% की भारी गिरावट देखी गई है। आज यानी गुरुवार को बिटकॉइन 70,122 डॉलर पर कारोबार कर रहा है।

अन्य क्रिप्टो का क्या हाल

क्रिप्टो करेंसी ईथर (Ethereum) की कीमत पिछले 24 घंटों में 7.89% गिर गई है। समाचार लिखे जाते वक्त यह लगभग 2,091 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा था। बड़े ऑल्टकॉइन्स (altcoins) में, BNB, XRP, सोलाना (Solana), ट्रॉन (Tron), डॉजकॉइन (Dogecoin) और कार्डानो (Cardano) में 6% से ज़्यादा की गिरावट आई। वहीं, Hyperliquid में 0.52% की बढ़ोतरी हुई। CoinMarketCap के अनुसार, वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी बाज़ार की कुल पूंजी 6.47% घटकर 2.42 ट्रिलियन डॉलर रह गई।

गिरावट क्यों आई?

WazirX के संस्थापक निशाल शेट्टी का कहना है "बिटकॉइन में आई यह गिरावट किसी खास क्रिप्टो समस्या की वजह से नहीं है। यह वैश्विक बाज़ारों में आई ‘रिस्क-ऑफ’ (risk-off) यानी जोखिम से बचने की प्रवृत्ति का हिस्सा है। क्रिप्टो बाज़ार में आई इस गिरावट की वजह वैश्विक इक्विटी (equity) बाज़ारों, खासकर टेक्नोलॉजी शेयरों में हुई बिकवाली है, जिसका असर डिजिटल संपत्तियों पर भी पड़ा। क्रिप्टो में ज़्यादा लीवरेज (leverage) यानी उधार लेकर निवेश करने की वजह से यह गिरावट और बढ़ गई, जिससे कीमतें तेज़ी से गिरने पर मज़बूरी में बिकवाली (forced liquidations) हुई।"

पिछले हफ्ते भी गिरावट

सिर्फ इसी हफ्ते ही नहीं, पिछले हफ्ते भी बिटकॉइन और ईथर की कीमतों में क्रमशः 20.20% और 29.32% की गिरावट आई थी। प्रमुख ऑल्टकॉइन्स में, BNB, XRP, सोलाना, ट्रॉन, डॉजकॉइन और कार्डानो में 26% से ज़्यादा की गिरावट आई, जबकि Hyperliquid 5.87% ऊपर गया।

दवाब में है बिटकॉइन

Mudrex के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत का कहना है कि इस समय बिटकॉइन पर दबाव बना हुआ है। खरीदार अभी भी सतर्क हैं, भले ही अमेरिकी सरकार ने अपना आंशिक शटडाउन (partial shutdown) खत्म कर दिया है, जिससे धीरे-धीरे पैसे की उपलब्धता (liquidity conditions) में सुधार होना चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *