भोपाल के गायत्री नगर में गंदे पानी की सप्लाई:रहवासियों ने अफसरों को दिखाया वीडियो
भोपाल, भोपाल के वार्ड-65 स्थित गायत्री नगर कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। कई बार शिकायतें करने के बाद भी जब पानी की क्वॉलिटी ठीक नहीं हुई तो कॉलोनी के लोगों ने वीडियो बनाया और अफसरों को दिखाया। इधर, पानी की गुणवत्ता को लेकर ही मेयर मालती राय ने संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली।
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से 33 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद भोपाल में जल सुनवाई, टेस्टिंग और लाइन सुधारने का काम शुरू हुआ। बावजूद न तो पानी की क्वॉलिटी सुधरी और न ही सीवेज में से पानी की लाइन हट पाई हैं। शुरुआती 10 मिनट तक नलों से गंदा पानी आ रहा है।
जोन-16 के वार्ड-65 में भी गंदे पानी की समस्या है। इस कारण लोग परेशान हैं। कॉलोनी में पानी के चैंबर में नाली का पानी लीकेज होने से पेयजल दूषित हो रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गायत्री नगर के जयदीप ठाकुर ने बताया कि कई दिन से घरों में गंदा पानी आ रहा है। जिससे लोगों को मजबूरी में दूषित जल का उपयोग करना पड़ रहा है। इससे स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं
रहवासी ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह से बिगड़ी हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैल रही है। बदबू और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। कॉलोनी के लोगों ने निगम से जल्द पानी की पाइप लाइन और चैंबर की मरम्मत करने की मांग की है।
मेयर-एमआईसी मेंबर ने बैठक ली
शनिवार को श्यामला हिल्स स्थित जलकार्य ऑफिस कांफ्रेंस हॉल में महापौर मालती राय और एमआईसी मेंबर रविंद्र यति ने जल कार्य, सीवेज एवं फायर विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पानी की गुणवत्ता जांच, जल कर वसूली, सीवेज सिस्टम एवं फायर सिस्टम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग भी मौजूद रहे।
