जिस राजपाल यादव के घर लंगर के खाने की तरह खाते थे नवाजुद्दीन सिद्दीकी, आज दोस्त की मुसीबत में कहां गायब!

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अपनी 2012 की फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़े चेक बाउंस मामले में सरेंडर करने के बाद से तिहाड़ जेल में हैं। मामला फिल्म के लिए लिए गए 5 करोड़ रुपये के कर्ज, कुछ बाउंस हुए चेक और उसके बाद की चीजों से संबंधित है। बार-बार देरी और समय सीमा चूकने के बाद, अदालत ने उनकी अंतिम याचिका खारिज कर दी और उन्हें आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया। आत्मसमर्पण करने से पहले, एक्टर ने कथित तौर पर कहा कि उनके पास न तो पैसे हैं और न ही कोई दोस्त जो उनकी आर्थिक स्थिति में मदद कर सके। अब, इसी बात से जोड़कर एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने पुराने दिनों को याद किया था और राजपाल यादव के बारे में बात की थी।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा था, ‘पूरी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा एकेडमिक एजुकेशनल अगर किसी के पास है तो राजपाल और मेरे पास हैं, 5 साल सिर्फ एक्टिंग की ट्रेनिंग ली है हम दोनों ने, तो मुझे लगता है कि सबसे ज्यादा एजुकेटेड एक्टर हम ही दोनों हैं जो देखने से नहीं लगेगा आपको।’

नवाजुद्दीन सिद्दीकी का दोस्ती पर बयान

जब से नवाज का एक बयान वायरल हुआ है, सोशल मीडिया यूजर्स फिल्म इंडस्ट्री की दोस्ती और वास्तविक रिश्तों पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी का ये पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया यूजर्स की नजरों में आया, जिसमें ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के एक्टर राजपाल यादव के मुंबई स्थित घर पर अपने संघर्ष के दौरान खाने, रहने और एक्टर के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। इससे न केवल सोशल मीडिया यूजर्स नाराज हुए, बल्कि उन्होंने इस कठिन समय में नवाजुद्दीन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

राजपाल यादव के बारे में क्या बोले नवाजुद्दीन सिद्दीकी

उन्होंने आगे कहा, ‘जब राजपाल का काम चल रहा था बहुत लोग उसके घर पर खाना खाते थे और कभी भी उफ्फ नहीं किया उस आदमी ने, हमेशा दिया। जब हम स्ट्रगल कर रहे थे मैं क्या बहुत सारे एक्टर जब स्ट्रगल कर रहे थे तो राजपाल का जो घर था एक लंगर की तरह था। कोई भी आकर खा सकता था। ऐसा था, बहुत ही कमाल का इंसान है वो। सेंसेटिव बहुत है वो।’

लोगों ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी से पूछा सवाल

कई X यूजर्स ने राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले पर नवाजुद्दीन की प्रतिक्रिया न देने पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, ‘राजपाल का सबसे अच्छा दोस्त नवाजुद्दीन सिद्दीकी कहां है? क्या वह अपने दोस्त की मदद करने की कोशिश भी नहीं कर रहा?’ एक X पोस्ट में लिखा था, ‘क्या लोग वाकई मुश्किल समय में मदद करने वालों का एहसान नहीं चुकाते? #नवाजुद्दीन सिद्दीकी’।

राजपाल यादव ने कहा- कोई दोस्त नहीं

तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने से कुछ वक्त पहले, राजपाल यादव ने कथित तौर पर एक भावुक बयान दिया, जो उन पर पड़े भावनात्मक और आर्थिक बोझ को दिखाता है। न्यूज एक्स के अनुसार, एक्टर ने कहा, ‘सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। और कोई उपाय नहीं दिखता… सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं है। मुझे इस संकट से खुद ही निपटना होगा।’

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि यह कानूनी लड़ाई 2010 से शुरू हुई थी, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई, जिससे राजपाल यादव को भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा और कर्ज नहीं चुका पाए। लंबे समय तक कोर्ट में चल रहे मामले में कोर्ट ने आदेश दिया कि राजपाल यादव आत्मसमर्पण कर दें और एक्टर को अंत में सरेंडर करना पड़ा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *