हाथ की नस काटने पर नहीं गई जान, तो फांसी लगाकर किया सुसाइड, भोपाल में 24 घंटे में दो खुदखुशी के मामले

भोपाल: राजधानी के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार रात और बुधवार सुबह खुदकुशी की घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। पहली घटना अवधपुरी फेस-टू की है, जहां एक 47 वर्षीय व्यक्ति ने लंबे समय से चले आ रहे तनाव के कारण अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। वहीं दूसरी घटना अशोका गार्डन स्थित कोलुआ कलां की है, जहां एक 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग के चलते फांसी लगा ली।

अवधपुरी: नस काटने के बाद फंदे पर झूला मुकेश
अवधपुरी फेस-टू निवासी मुकेश महाजन (47) ने मंगलवार सुबह अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुकेश के पिता बाबूलाल महाजन भेल (BHEL) से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि फांसी लगाने से पहले मुकेश ने अपने हाथ की नस भी काटी थी, जिससे काफी खून बह गया था।

परिजनों के अनुसार, मुकेश का करीब आठ साल पहले अपनी पत्नी से तलाक हो गया था, जिसके बाद से वह गहरे सदमे और डिप्रेशन में था। पिछले छह वर्षों से एम्स के मनोचिकित्सक के पास उसका उपचार भी चल रहा था। सोमवार रात वह नशे की हालत में घर लौटा और अपने कमरे में चला गया, जिसके बाद अगली सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला।

अशोका गार्डन: प्रेम-प्रसंग के संदेह में युवक ने दी जान
दूसरी घटना अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के कोलुआ कलां में घटित हुई। यहां मूलतः बलिया (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले 22 वर्षीय राजा गिरी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। राजा के पिता गंगेश्वर गिरी मजदूरी करते हैं। घटना के समय घर पर केवल राजा और उसकी माँ थे, जबकि उसके पिता और भाई बलिया गए हुए थे।

बुधवार सुबह करीब छह बजे जब मां की नींद खुली, तो उन्होंने राजा को फांसी के फंदे पर झूलते देखा। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग और उसी विवाद के कारण कदम उठाने का संदेह जताया है। राजा वर्तमान में बेरोजगार था।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात कारणों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट न मिलने के कारण परिजनों और पड़ोसियों के बयानों को ही आधार बनाया जा रहा है। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य सबूतों के जरिए आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *