छत्‍तीसगढ़ में बादल और ठंडी हवाओं ने गिराया पारा, बदला मौसम का मिजाज, आज वर्षा के आसार….

बीते कुछ दिनों से चल रही गर्म हवाओं और उमस से राजधानी रायपुर समेत छत्‍तीसगढ़ के लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी कुछ दिन गर्मी से थोड़ी राहत जारी रहेगी। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाने व ठंडी हवाओं के चलने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और हल्की वर्षा के आसार है। साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा।

रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान में गिरावट

गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और हवाएं भी चली। इसके चलते बीते दिनों की तुलना में गर्मी से थोड़ी राहत मिली। रायपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। इसी प्रकार बिलासपुर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान में हालांकि विशेष बदलाव नहीं हुआ। ओरछा, दंतेवाड़ा, गीदम में हल्की वर्षा भी हुई। प्रदेश भर में राजनांदगांव सर्वाधिक गर्म रहा,यहां का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे,साथ ही देर शाम या मध्य रात्रि में हल्की वर्षा भी हो सकती है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं आ रही है। इसके कारण प्रदेश में कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ अंधड़ चलने के आसार है। अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है।

यह रहा तापमान

रायपुर 39.6 27.2

बिलासपुर 37.4 25.5

जगदलपुर 39.7 25.0

अंबिकापुर 37.5 23.0

पेंड्रा रोड 35.9 22.0

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *