ग्राम पंचायत हितामेटा में सातधार महिला उत्पादक समूह भवन का उद्घाटन
दंतेवाड़ा। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के नेतृत्व में ग्राम पंचायत हितामेटा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत संचालित बिहान योजना के तहत सातधार महिला उत्पादक समूह के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नव-निर्मित भवन के माध्यम से उत्पादक समूह की दीदियां जिले में उपलब्ध विभिन्न वनोपज जैसे इमली, महुआ, टोरा, अमचूर, रागी, कोदो, कुटकी एवं धान आदि का क्रय कर उनका मूल्य संवर्धन करते हुए विक्रय करेंगी। इन उत्पादों का विपणन जिले में बिहान मिशन द्वारा गठित किसान उत्पादक कंपनी तथा खुले बाजार में किया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय वनोपज को उचित बाजार उपलब्ध होगा, बल्कि महिलाओं की आय में भी वृद्धि होगी।
जिले में बिहान मिशन के अंतर्गत अब तक 50 उत्पादक समूहों का गठन किया जा चुका है, जो पिछले दो वर्षों से निरंतर वनोपज क्रय-विक्रय का कार्य कर रहे हैं। इन समूहों से प्रत्यक्ष रूप से लगभग 1750 दीदियां जुड़ी हुई हैं। ये सभी महिलाएं बिहान मिशन की मां दंतेश्वरी महिला किसान कंपनी की शेयरधारक भी हैं। कंपनी द्वारा वनोपज की खरीदी कर विभिन्न बड़े संस्थानों एवं बाजारों में विक्रय किया जाता है, जिससे सामुदायिक स्तर पर लाभ सुनिश्चित होता है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष कंपनी द्वारा लगभग 2 लाख रुपये का लाभांश उत्पादक समूहों को वितरित किया गया था। इस पहल से उत्पादक समूह की महिलाओं में व्यापारिक दक्षता का विकास होगा, साथ ही उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ेगी।
जिला प्रशासन की यह पहल महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ममता मंडावी, जनपद सदस्य मुन्नाराम कश्यप, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गीदम जनपद पंचायत सीईओ बलराम ध्रुव, उत्पादक कंपनी के सीईओ अभिजीत सरकार तथा एसी रावेंद्र मंडावी सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
