पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने सेवई दुकान में घुसाई कार, दुकानदार से की मारपीट

कोरबा, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पूर्व गृहमंत्री के बेटे की दबंगई का वीडियो सामने आया है। संदीप कंवर ने नशे की हालत अपनी कार बस स्टैंड पर लगी सेवई की दुकान में जा घुसाई। दुकानदार का आरोप है कि विरोध करने पर संदीप ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। दुकानदार के मुताबिक, अपने पिता के पद और रसूख का दिखावा करते हुए संदीप ने कहा, ‘मैं ननकीराम का बेटा हूं, जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।’

माहौल बिगड़ता देख आसपास के लोगों ने संदीप को थाने पहुंचाया। वहां भी पुलिस के सामने उसने हंगामा किया और कार लेकर थाने से भाग निकला था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर नशे में धुत होकर अपनी गाड़ी चला रहा था। गाड़ी पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा था। 11 मार्च को इतवारी बाजार के पास उसने अनियंत्रित होकर अजीन कुरैशी की दुकान को जोरदार टक्कर मार दी।

अजीन कुरैशी की वहां सेवई, सुतफेनी और तंदूरी की दुकान है। हादसे के बाद जब दुकानदार ने विरोध किया, तो संदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इस पर संदीप ने उससे भी विवाद करते हुए गाली-गलौज की।

थाने में भी कम नहीं हुआ उत्पात

बताया जा रहा है कि पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है। विवाद के बाद संदीप कंवर को कोतवाली थाने लाया गया, लेकिन यहां भी उसका उत्पात कम नहीं हुआ।

संदीप ने थाने के अंदर भी पुलिसकर्मियों और पीड़ित के सामने जमकर हंगामा किया। उसने चिल्लाते हुए अपने पिता के पद और रसूख की धौंस दिखाई और कहा, जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा, मैं ननकीराम का बेटा हूं।

थाने में जमकर मचाया उत्पात

वहीं पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी की दबंगई कम नहीं हुई। वह गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से ही भाग गया। पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही और रसूखदार के आगे बेबस नजर आई। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है।

CSP बोले- जांच के बाद कड़ी कार्रवाई होगी

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि हमें अजीन कुरैशी की तरफ से शिकायत मिली है कि उनकी दुकान पर एक व्यक्ति द्वारा लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर एक्सीडेंट किया गया और उनके साथ मारपीट की गई। आवेदन में जिस गाड़ी का उल्लेख है उस पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा हुआ है। आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। आगे जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *