बिलासपुर में प्रोफेशनल चोर गिरोह का धावा, 4 लाख के जेवर पार
बिलासपुर । शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक प्रोफेशनल चोर गिरोह ने सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
नकाब और ग्लव्स पहने चोरों ने बेहद शातिर अंदाज में घर का दरवाजा काटकर सेंट्रल लॉक तोड़ा और अंदर घुसकर सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी अपनी पहचान छिपाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मोपका क्षेत्र स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी निवासी इंजीनियर नितेश रंजन पिछले 8 दिनों से घर में ताला लगाकर बिहार के औरंगाबाद गए हुए थे। 15 मार्च को कॉलोनी के लोगों ने उनके घर में चोरी की सूचना दी।
मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर से करीब 4 लाख रुपए के जेवर गायब थे।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि CCTV फुटेज के आधार पर जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
