पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने रानी कमलापति स्टेशन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक ने बुधवार को भोपाल मंडल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन एवं नवनिर्मित मंडल नियंत्रण कार्यालय का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता और स्टेशन विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रजक ने प्लेटफार्म, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, एस्केलेटर, लिफ्ट, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाओं को देखा और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। स्टेशन की साफ-सफाई को लेकर उन्होंने सफाई कर्मियों की सराहना भी की।
उन्होंने मेट्रो स्टेशन से कनेक्टिविटी का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को सहज और सुगम आवागमन मिल सके। इसके बाद उन्होंने मंडल कार्यालय में नवनिर्मित नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया और विभिन्न रेल खंडों की परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की। वाणिज्य अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्री सुविधाओं, मालभाड़ा और गैर किराया राजस्व जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
