राजस्थान में लगातार तीसरे दिन ओले गिरे, MP में बारिश
भोपाल/लखनऊ/शिमला/देहरादून, देश के कई हिस्सों में मौसम बदला है। राजस्थान में जयपुर सहित कई जिलों में शुक्रवार सुबह तेज बरसात हुई। 17 से ज्यादा शहरों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। ओले गिरने से पारा 11 डिग्री तक लुढ़क गया।
मध्य प्रदेश में 2 दिन से ओले-बारिश और आंधी का दौर चल रहा है। गुरुवार को प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उधर बिहार के बेगूसराय में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया। प्रदेश के 38 जिलों में बारिश की संभावना है। 10 जिलों में तेज बारिश के साथ ही 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में बारिश जारी है। वहीं चारों धाम यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ में चार दिन से बर्फबारी जारी है। बद्रीनाथ में दो फीट तक बर्फ जम गई।
