बिजली का बकाया बिल वसूलने गए कर्मचारियों को गन्ने से पीटा, कार्यालय में भी हमला

भोपाल। परवलिया क्षेत्र में बकाया बिजली बिल की वसूली करने गए कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर रसूलिया पठार रोड की है, जहां विभाग के दो कर्मचारी लखनलाल मीणा और मनोज मीणा के घर बकाया बिल की वसूली करने पहुंचे थे।

आरोप है कि बिजली कर्मचारियों ने बिल जमा न करने की बात पर दोनों मकान मालिकों से अभद्रता की, जिसके बाद लखनलाल के बेटे और उसके साथियों ने गन्ने से कर्मचारियों की पिटाई कर दी।किसी तरह मौके से निकलकर कर्मचारी अपने कार्यालय पहुंचे, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए और दोबारा मारपीट करते हुए अधिकारियों से अभद्रता की।

घटना में कर्मचारियों को चोट लगी है, उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। परवलिया थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने बताया कि मामले में दोनों ओर से शिकायत की गई है।

इसमें मारपीट और अभद्रता करने के आरोप हैं। बिजली कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *