‘शर्म आनी चाहिए हिंदू होकर ऐसा बोल रहे’, ‘धुरंधर 2’ के जहूर मिस्त्री को महिला का मैसेज, दिया करारा जवाब
‘धुरंधर 2’ में किडनैपर जहूर मिस्त्री का किरदार निभाने वाले विवेक सिन्हा को जहां इस रोल के लिए तारीफें मिलीं, तो खूब खरी-खोटी सुनने को भी मिली है। ‘हिंदू एक डरपोक कौम होती है…’ ये डायलॉग फिल्म में बोलना विवेक सिन्हा को इस कदर भारी पड़ गया कि कुछ लोग उन्हें बुरा-भला कहने लगे। कुछ ने तो विवेक सिन्हा को सच में पाकिस्तानी समझ लिया और मारने की धमकी देने लगे। विवेक सिन्हा ने एक इंटरव्यू में इस बारे में बात की थी। और अब हाल ही उन्होंने एक महिला के बारे में बताया, जिसने उन्हें मैसेज करके खूब सुनाया। तब विवेक सिन्हा ने उसे वॉइस नोट भेजकर करारा जवाब दिया।
विवेक सिन्हा ने ‘पीटीआई’ से बातचीत में बताया कि एक महिला ने उनसे कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए कि चंद पैसों के लिए हिंदू होकर एक हिंदू के लिए ऐसी बात बोली और फिल्म में ऐसा रोल किया। विवेक सिन्हा हैरान रह गए, पर फिर जवाब देना ही सही समझा।
विवेक सिन्हा को महिला का मैसेज- शर्म आनी चाहिए जो एक हिंदू…
विवेक सिन्हा बोले, ‘कुछ दिन पहले मुझे एक मैसेज मिलता है, इंस्टाग्राम पर। कोई लेडी मुझे लिख रही है, पता नहीं कहां गया मैसेज अब वो। उसने लिखा- आपको शर्म आनी चाहिए कि एक हिंदू होकर चंद पैसों के लिए आप एक हिंदू के लिए ऐसा बोल रहे हैं। उसने लिखकर छोड़ दिया। मेरा मन किया कि रिप्लाई करूं, फिर सोचा कि छोड़ो विवेक, नहीं करते। फिर मुझे लगा कि नहीं, करना चाहिए रिप्लाई। एक बार मैं उसको अपनी बात पहुंचा दूं।’
‘अगर किसी आतंकवादी और उसकी सोच को दिखाना है तो…’
विवेक सिन्हा ने आगे बताया, ‘मैंने उसे एक वॉइस नोट छोड़ा, और मैं ये बात कहना भी चाहता हूं कि फिल्में समाज का आइना हैं। दिखाते हैं कि कैसे कैरेक्टर होते हैं। अगर पाकिस्तान का एक आतंकवादी, जो अपनी जान की परवाह ना करते हुए इंडिया में घुस गया है और कहेगा कि मुझे मार दो, लेकिन मैं तो जो करूंगा, करूंगा ही…एक ऐसे इंसान का कैरेक्टर अगर हमें दिखाना होगा कि ऐसे पाकिस्तान से एक आदमी आया है। ऐसे धमका रहा है लोगों को, गन पॉइंट पर रखकर बात कर रहा है…अगर ये दिखाना होगा, उनकी सोच दिखानी होगी कि वो क्या सोच लेकर इंडिया में घुसा तो हिंदू डरपोक कौम है, उसने बोला..ये फील है उनका। हिंदू-मुस्लिम…यही तो चल रहा है। उसका फील है वो।’
‘तो क्या पाकिस्तान से आतंकवादी बुलाकर लाएं शूटिंग के लिए?’
विवेक सिन्हा ने फिर बताया, ‘तो मैंने उस लेडी को यही वॉइस नोट छोड़ा कि अगर हमें दिखाना है ऐसे इंसान के बारे में, तो क्या पाकिस्तान से आतंकवादी बुलाकर लाएं शूटिंग के लिए? किसी आतंकवादी को फोन किया जाए कि भाई जरा एक शूटिंग के लिए आजा? हमें ही तो करना पड़ेगा ना? हम एक्टर्स में से किसी को वो कैरेक्टर करना पड़ेगा ताकि आपको बात तो पता चले कि वो क्या कहना चाह रहा है। सबको तो नहीं पता ना? अगर कोई भी विलेन का रोल कर रहा है, तो हम ये दिखाना चाह रहे हैं ना कि एक विलेन किस हद तक क्रूर हो सकता है। अगर फिल्म में कोई मर्डर कर रहा है, तो क्या इसके लिए जेल से असली मर्डरर को बुलाएं क्या एक्टिंग करने को? मैंने उस लेडी को ये वॉइस नोट भेजा, पर अभी तक जवाब नहीं आया कोई।’
‘धुरंधर 2’ में यह बोला जहूर मिस्त्री
मालूम हो कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में एक सीन है, जहां विवेक सिन्हा का जहूर मिस्त्री का किरदार बोलता है, ‘हिंदू एक डरपोक कौम है, पड़ोस में ही रहते हैं हम, गूदेभर का जोर लगा लो और बिगाड़ लो जो बिगाड़ सकते हो।’
‘धुरंधर 2’ का कलेक्शन
‘धुरंधर 2’ की कमाई की बात करें, तो यह सबसे ज्यादा कमाई वाली हिंदी फिल्म बन गई है। इसने देशभर में 1,011.95 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और 846.87 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, दुनियाभर में इसने 1,353.9 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है।
