​डेंगू-मलेरिया के विरुद्ध निगम का प्रहार, नेहरू नगर जोन में चला मच्छर उन्मूलन अभियान

​भिलाईनगर। निगम आयुक्त के निर्देशानुसार, शहर में मच्छर जनित रोगों के प्रभावी नियंत्रण हेतु नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 अप्रैल को जोन-1 नेहरू नगर के अंतर्गत वार्ड-10 लक्ष्मीनगर (सुपेला) क्षेत्र में सघन मच्छर उन्मूलन कार्यक्रम का संपादन किया गया। ​
प्रसाद बिल्डिंग के पीछे स्थित बस्ती में निगम के विशेष दस्ते और जिला मलेरिया विभाग के सर्वेलेंस कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम ने घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया। इस दौरान टीम ने मच्छरों के प्रजनन स्थलों की बारीकी से जांच की। ​​प्रजनन स्रोतों का खात्मा करने हेतु गृह भेंट के दौरान कूलर, पानी की टंकी, ड्रम और पुराने कंटेनरों की जांच की गई। जहाँ भी पुराना पानी जमा मिला, उसे तत्काल खाली कराया गया ताकि लार्वा पनपने की संभावना को समाप्त किया जा सके। मच्छर लार्वा के नियंत्रण हेतु स्प्रेयर पंप के माध्यम से पानी मिश्रित एक्यूगार्ड का छिड़काव किया गया। ​वयस्क मच्छरों के खात्मे के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पानी मिश्रित मैलाथियान का छिड़काव कराया गया।
 मोहल्ले की पक्की और कच्ची नालियों में जहाँ पानी का जमाव था, वहाँ दवाइयों का छिड़काव कर मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई गई। सर्वेक्षित घरों के सदस्यों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। बचाव संबंधी जानकारी के लिए पाम्पलेट वितरित कर नागरिकों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।
​निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों के कूलर का पानी सप्ताह में कम से कम एक बार अवश्य बदलें और घर के आसपास पानी जमा न होने दें। मच्छरदानी का प्रयोग करें और प्रशासन की इस मुहिम में सक्रिय सहभागी बनें।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *