पश्चिम एशिया में सीजफायर से उछला इंडिगो का शेयर, स्पाइसजेट अपर सर्किट में, क्या है कनेक्शन?

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया से सीजफायर से आज शेयर बाजार में काफी तेजी आई है। सेंसेक्स के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन में आई। कंपनी का शेयर बीएसई पर शुरुआती कारोबार में 11 फीसदी उछलकर 4,737.40 रुपये पहुंच गया। पिछले सत्र में यह 4268.35 रुपये पर बंद हुआ था और आज 4639.70 रुपये पर खुला। पश्चिम एशिया में सीजफायर से कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट आई है जिससे निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है। इससे स्पाइसजेट का शेयर भी 5 फीसदी से अपर सर्किट को हिट कर गया।

कच्चे तेल में तेजी से हाल में एटीएफ की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इससे एयरलाइन कंपनियों का मार्जिन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। इसकी वजह यह है कि एयरलाइन कंपनियों की ऑपरेटिंग कॉस्ट में फ्यूल की बड़ी हिस्सेदारी होती है। एटीएफ की कीमत में गिरावट से एयरलाइन कंपनियों के मार्जिन में सुधार आ सकता है। साथ ही पश्चिम एशिया में शांति से विमानों को लंबा रूट नहीं लेना पड़ेगा। 28 फरवरी को ईरान और अमेरिका/इजरायल के बीच शुरू हुए युद्ध के कारण कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है।

जैफरीज ने घटाया टारगेट प्राइस

दुनिया के सबसे बिजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट हब दुबई के साथ-साथ अबु धाबी और दोहा के एयरपोर्ट भी बंद हैं या वहां सीमित उड़ानें ऑपरेट कर रही हैं। वहां एयर ट्रैफिक की सामान्य स्थिति बहाल होने से भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को भी फायदा होगा। यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में आज तेजी आई है। जैफरीज ने इंडिगो के शेयर के लिए अपनी बाय रेटिंग बरकरार रखी है लेकिन टारगेट प्राइस 6,140 रुपये से घटाकर 5,500 रुपये कर दिया है।

इंडिगो का शेयर

  • इंडिगो का शेयर आज शुरुआती कारोबार में 11 फीसदी उछला
  • पश्चिमी एशिया में सीजफायर से कच्चे तेल की कीमत में गिरावट
  • एयरलाइंस के ऑपरेटिंग मार्जिन में एटीएफ की अहम हिस्सेदारी
  • कच्चे तेल में गिरावट से एयरलाइन कंपनियों का मार्जिन सुधरेगा

कच्चे तेल की कीमत

कच्चे तेल कीमत में ईरान युद्ध के बाद काफी तेजी आई थी। मार्च में यह 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था जो यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद इसका हाई लेवल था। मार्च में इसकी कीमत में 50 फीसदी से ज्यादा तेजी आई जो इतिहास में सबसे बड़ी मासिक छलांग थी। हालांकि सीजफायर के बाद इसमें भारी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड अभी 14.07 फीसदी गिरावट के साथ 93.90 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *