कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

कोण्डागांव। कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी जमीनी क्रियान्वयन हेतु सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व पखवाड़ा में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में ग्रामीणजनों से प्राप्त होने वाले राजस्व प्रकरणों का समुचित निराकरण करना सुनिश्चित करें, ग्रामवासियों को त्वरित राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों पर भी संबंधित विभागों को समाधानपरक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने आगामी फसल के लिए किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और दवाई की उपलब्धता पर जोर देते हुए इसकी कालाबाजारी रोकने हेतु संबंधित विभागायीय अधिकारियों को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने धान उठाव के प्रगति की समीक्षा करते हुए उठाव में तेजी लाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में टीबी की जांच एवं इलाज पूरी गंभीरता के साथ करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। इसके अलावा उन्होंने पुल-पुलिया, विद्युतीकरण कार्य सहित अन्य अधोसंरचना विकास के लिए निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान, जल जीवन मिशन एवं होम-स्टे योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *