कलेक्टर ने राशन दुकानों के व्यवस्था का लिया जायजा

सारंगढ़-बिलाईगढ़ , कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने माँ अग्नि ज्वाला समूह सारंगढ़ द्वारा संचालित चावल वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित हितग्राहियों से सीधे संवाद कर पूछा कि उन्हें समय पर चावल मिल रहा है या नहीं। चावल की गुणवत्ता कैसी है। उन्होंने यह भी जाना कि वितरण में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं आ रही है। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम दानसरा के उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया, जहां चावल लेने पहुंचे हितग्राहियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। हितग्राहियों ने बताया कि चावल और शक्कर नियमित रूप से मिल रहा है, लेकिन नमक की उपलब्धता नहीं हो पा रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने चावल के भंडारण (स्टोरेज) की स्थिति का भी अवलोकन किया और स्वयं चावल की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने हितग्राहियों से पुनः पुष्टि की कि उन्हें साफ और गुणवत्तायुक्त चावल मिल रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान की साफ-सफाई और रख-रखाव पर भी ध्यान देते हुए दुकान को तिरंगे रंग में रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पीडीएस के माध्यम से आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक वस्तुओं का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण वितरण सुनिश्चित किया जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *