टिम डेविड ने वानखेड़े में खड़ा किया बड़ा ड्रामा, गेंद लेकर उछालते रहे, अंपायर बुरी तरह गुस्से में आए

मुंबई: रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला केवल रनों की बरसात के लिए नहीं बल्कि मैदान पर हुई एक अजीबोगरीब घटना के लिए भी चर्चा में रहा। मैच के दौरान आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड ने कुछ ऐसा किया कि मैदानी अंपायर उनसे काफी खफा नजर आए। अब बड़ा सवाल यह है कि टिम डेविड की इस हरकत के लिए उनके ऊपर बीसीसीआई जुर्माना लगाता है या फिर नहीं।

टिम डेविड ने अंपायर से ले ली गेंद

यह वाकया बेंगलुरु की पारी के 18वें ओवर में हुआ जब डेविड ने हार्दिक पंड्या की गेंद पर एक गगनचुंबी छक्का जड़ा और गेंद गुम हो गई। जब अंपायरों ने नई गेंद मंगवाई तो टिम डेविड ने नियमों को ताक पर रखकर खुद ही गेंद की जांच शुरू कर दी। उन्होंने गेंद हाथ में ली और उसे परखने लगे जबकि अंपायर लगातार उनसे गेंद वापस मांग रहे थे।

गुस्सा हो गए अंपायर

डेविड की इस हरकत ने अंपायरों को बुरी तरह चिढ़ा दिया। कमेंट्री कर रहे पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, ‘एक बल्लेबाज के तौर पर आपको ऐसा करने की इजाजत बिल्कुल नहीं है। आप गेंद चेक नहीं कर सकते। अगर गेंद का शेप बिगड़ा है तो वह इसलिए क्योंकि आपने ही उस पर छक्का मारा है।’

आरसीबी ने मुंबई को हराया

मैच की बात करें तो आरसीबी ने इस मुकाबले में मुंबई को 18 रनों से शिकस्त देकर पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान कब्जा लिया है। विराट कोहली, फिल साल्ट और रजत पाटीदार के अर्धशतकों की मदद से बेंगलुरु ने विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 222 रन ही बना सकी। हालांकि अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में 71 रनों की तूफानी पारी खेलकर उम्मीद जगाई थी लेकिन तब तक मैच मुंबई के हाथों से फिसल चुका था।

इस जीत के साथ आरसीबी के अब 4 मैचों में 6 अंक हो गए हैं जबकि मुंबई इंडियंस की टीम आठवें पायदान पर संघर्ष कर रही है। अब बेंगलुरु की टीम अपने घर यानी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम लौटेगी जहां 15 अप्रैल को उनका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *