नेतन्याहू के वफादार के चीफ बनने से इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद में फूट, कौन हैं रोमन गोफमैन, क्या है विवाद?

तेल अवीव: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को मिलिट्री सेक्रेटरी मेजर-जनरल रोमन गोफमैन को मोसाद के अगले प्रमुख के तौर पर मंजूरी दे दी है। गोफमैन 2 जून को डेविड बार्निया की जगह देश के शीर्ष जासूसी प्रमुख का पदभार संभालेंगे। बार्निया का पांच साल का कार्यकाल इसी दिन पूरा हो रहा है। रोमन गोफमैन के नाम की आधिकारिक घोषणा के बाद नेतन्याहू ने उनकी तारीफ करते हुए कहा "वह (गोफमैन) एक बेहतरीन अधिकारी हैं, साहसी और रचनात्मक हैं जिन्होंने पूरे युद्ध के दौरान लीक से हटकर सोचने का नजरिया और जबरदस्त सूझबूझ का प्रदर्शन किया है।"

नेतन्याहू ने मोसाद प्रमुख के तौर पर गोफमैन को उनकी नई भूमिका में सफलता की शुभकामनाएं भी दीं और विश्वास जताया कि वह इजरायल की सुरक्षा में अहम योगदान देंगे। गोफमैन की इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ आयल जमीर ने भी तारीफ की है। उन्होंने कहा "मुझे पक्का लगता है कि उनका मिलिट्री में करियर बहुत शानदार रहा है और वे हर लिहाज से एक बेहतरीन और काबिल इंसान हैं।" जमीर ने तो यहां तक कह दिया कि अगर गोफमैन ने मोसाद के प्रमुख का पद न संभाला होता तो वे IDF के चीफ ऑफ स्टाफ के तौर पर उनकी खुद की जगह ले सकते थे।

गोफमैन की नियुक्ति पर मोसाद में फूट!

दूसरी तरफ मौजूदा मोसाद चीफ बार्निया ने गोफमैन की नियुक्ति का जोरदार विरोध किया और इस घोषणा के संबंध में कहा कि गोफमैन ‘ऐसा व्यक्ति है जो अपनी शक्ति का दुरुपयोग करता है।’ ओरी एल्माकायस, जिनका गोफमैन के साथ लंबे समय से सार्वजनिक विवाद चल रहा है, उन्होंने जोर देकर कहा "रोमन गोफमैन की नियुक्ति को मंजूरी देने का सीनियर अपॉइंटमेंट्स कमेटी का फैसला बेतुका है।" उन्होंने आगे कहा "रोमन गोफमैन की नियुक्ति मोसाद और इजरायल राज्य की सुरक्षा के लिए एक असली खतरा है। मैं यहीं नहीं रुकूंगा और मैं गोफमैन की नियुक्ति को रद्द करवाने के लिए लड़ूंगा।"

आपको बता दें कि एल्माकायस का मामला इजरायल में काफी विवादित है। गोफमैन पर आरोप है कि जब वे 210वीं डिवीजन के कमांडर थे तब उन्होंने 17 साल के एक किशोर (ओरी एलमकेयस) को एक अनधिकृत प्रभाव अभियान के लिए भर्ती किया था। इस दौरान उस किशोर को गोपनीय जानकारी दी गई जिसे उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। बाद में उस एल्माकायस को गिरफ्तार कर लिया गया और 18 महीने तक हिरासत में रखा गया। एल्माकायस ने दावा किया कि उस अभियान के नतीजों के बाद गोफमैन ने ‘उन्हें अकेला छोड़ दिया’ था। गोफमैन की नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इस घटना का जिक्र किया और कहा "जिस किसी ने भी 17 साल के लड़के को अकेला छोड़ा वह मोसाद के एजेंटों को भी अकेला छोड़ देगा।"
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *