‘नहीं पता था वो उम्रदराज को मेरा पति बना देंगे’, मृणाल ठाकुर ने कहा- सीन काट लिए, मेरा भरोसा डगमगा गया

एक्‍ट्रेस मृणाल ठाकुर की फिल्‍में भले ही बॉक्‍स ऑफिस पर एक के बाद एक बिखर रही हैं, लेकिन वह लगातार सुर्ख‍ियों में भी हैं। कुछ महीने पहले धनुष संग अफेयर और शादी की अफवाहों के कारण चर्चा बटोरने वाली मृणाल इन दिनों ‘डकैत’ के प्रमोशन में बिजी हैं। हालांकि, अदिवी शेष स्‍टारर उनकी यह फिल्‍म बॉक्‍स ऑफिस पर सुस्‍त साबित हुई। 7 दिनों में देश में महज ₹27.05 करोड़ कमा पाई है। मूल रूप से तेलुगू में बनी इस फिल्‍म के प्रमोशन के दौरान ही अब मृणाल ने कुछ ऐसा कहा है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हायतौबा मच गई है। एक्‍ट्रेस ने अजय देवगन और चंकी पांडे के साथ फिल्‍म ‘सन ऑफ सरदार 2’ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्‍हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि मेकर्स एक उम्रदराज सीनियर एक्‍टर को उनका पति बना देंगे। यही नहीं, 33 साल की एक्‍ट्रेस ने फिल्‍म से बेहद अहम सीन्‍स के काटे जाने पर भी निराशा जाहिर की है।

बीते साल 2025 में रिलीज ‘सन ऑफ सरदार 2’ को विजय कुमार अरोड़ा ने डायरेक्‍ट किया था। फिल्‍म में मृणाल ठाकुर के किरदार का नाम राबिया अख्‍तर था, जिनके अलग हो चुके पति के रोल में चंकी पांडे थे। उम्र के लिहाज से चंकी और मृणाल में 30 साल का अंतर है। यही नहीं, फिल्‍म में मृणाल ठाकुर के अपोजिट अजय देवगन लीड रोल में थे। वह भी एक्‍ट्रेस से 24 साल बड़े हैं।

‘मेरा भरोसा डगमगा गया, पर पछतावा नहीं है’

मृणाल ठाकुर ने ‘डकैत: एक प्रेम कथा‘ से जुड़े एक इवेंट में अपने इस अजीब अनुभव का जिक्र किया। एक्‍ट्रेस ने बताया कि उन्हें कास्टिंग के इस बड़े फैसले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। दावा किया कि इसका सीधा असर उनके किरदार पर पड़ा। मृणाल ठाकुर ने कहा, ‘मुझे पता नहीं था कि कोई बहुत सीनियर एक्टर मेरे पति का रोल निभाएगा। क्योंकि इससे मेरा… यह वह नहीं था जिसकी मुझे फ‍िल्म से उम्मीद थी। इसलिए, वहां मैं थोड़ी निराश हुई। क्योंकि मेरा भरोसा डगमगा गया था। लेकिन आपको पता है, मुझे कोई पछतावा नहीं है।’

‘फिल्‍म से दो अहम सीन काट दिए गए’

मृणाल ठाकुर यहीं नहीं रुकीं। उन्‍होंने आगे बताया कि ‘सन ऑफ सरदार 2’ से दो बेहद अहम इमोशनल सीन काटे गए। खासकर एक सीन, जिसमें रोशनी वालिया थीं, जो फिल्‍म में उनकी सौतेली बेटी सबा का किरदार निभा रही हैं। एक्‍ट्रेस ने कहा, ‘मुझे पता नहीं था कि मेरे दो अहम सीन एडिटिंग टेबल पर ही काट दिए जाएंगे। जैसे, मेरे और रोशनी के बीच एक बहुत ही प्यारा सीन था।’

मृणाल ने बताया क्‍या था वो इमोशनल सीन

मृणाल ने आगे सीन के बारे में भी बताया। कहा, ‘असल में फिल्‍म में वह मेरी बहन की बेटी है और कहानी में मेरी बहन की मौत हो जाती है। यह बस कहानी का हिस्सा है। मैं उसकी भलाई के लिए अपनी निजी जिंदगी कुर्बान कर देती हूं। वह कहती है – अच्छा है कि मेरी कोई मां नहीं है, मेरे पास तुम हो। मैं दुआ करती हूं कि हर लड़की को तुम्हारे जैसी मां मिले, भले ही तुमने मुझे जन्म न दिया हो। लेकिन जिस तरह से तुमने मेरा ख्याल रखा है… एडिटर्स ने कहानी यह वाला हिस्सा ही फ‍िल्म से गायब कर दिया।’ हालांकि, मृणाल ठाकुर ने यह भी कहा कि अपनी इस निराशा के बावजूद फिल्‍म की टीम के साथ उनके रिश्ते बहुत अच्छे हैं।

मृणाल की झोली में अभी ‘राका’ समेत 3 फिल्‍में

वर्कफ्रंट की बात करें तो मृणाल ठाकुर के लिए आगे आने वाला वक्‍त बहुत व्‍यस्‍त रहने वाला है। बीते दिनों जहां उनकी ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘दो दीवाने सहर में’ रिलीज हुईं, वहीं अब उनकी ‘डकैत’ सिनेमाघरों में आई है। आगे उनके पास वरुण धवन के साथ ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘पूजा मेरी जान’ जैसी फ‍िल्में पाइपलाइन में हैं। वह इसके अलावा अल्‍लू अर्जुन और एटली की फिल्‍म ‘राका’ में भी नजर आएंगी।

कौन हैं मृणाल ठाकुर, टीवी एक्‍ट्रेस से बड़े पर्दे का सफर

मृणाल ठाकुर का जन्म 1 अगस्त 1992 को महाराष्‍ट्र के धुले में एक मराठी परिवार में हुआ है। उन्‍होंने अपने एक्‍ट‍िंग करियर की शुरुआत हिंदी टीवी से की थी। जलगांव के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल और मुंबई के पास वसंत विहार हाई स्कूल में पढ़ाई करने के बाद मृणाल ने KC कॉलेज से ग्रेजुएशन में दाख‍िला लिया। लेकिन टीवी करियर बनाने के लिए पढ़ाई बीच में छोड़ दी।

मृणाल ठाकुर की फिल्‍में और शोज

मृणाल ठाकुर ने अपने एक्‍टिंग करियर की शुरुआत हिंदी टीवी पर ‘मुझसे कुछ कहती…ये खामोशियां’ (2012) और ‘कुमकुम भाग्य’ (2014–2016) जैसे शोज से की। इन किरदारों के लिए उन्‍हें सपोर्टिंग एक्‍ट्रेस का ITA अवार्ड भी मिला। साल 2018 में मृणाल ठाकुर ने ‘लव सोनिया’ से हिंदी फिल्‍मों में डेब्‍यू किया। इसके बाद वह ‘सुपर 30’ (2019) और ‘बाटला हाउस’ (2019) में नजर आईं। साउथ में मृणाल को तेलुगू रोमांटिक ड्रामा ‘सीता रामम’ (2022) और ‘हाय नन्ना’ (2023) से पॉपुलैरिटी मिली।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *