रेलवे vs पुलिस… भोपाल में छिड़ा ‘युद्ध’, DRM ने डीजीपी से की ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की शिकायत
भोपाल। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र स्थित डी-मार्ट शॉपिंग मॉल के पास मार्च में हुई रोडरेज की एक घटना को लेकर रेलवे और पुलिस के बीच विवाद गहरा गया है। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) मंडल के डीआरएम पंकज त्यागी ने मध्य प्रदेश के डीजीपी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने रेलवे कर्मचारियों के साथ मारपीट की और बाद में उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर दी।
महिला कर्मचारियों से अभद्रता और मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, 15 मार्च की शाम रेलवे कर्मचारी, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, एक कार्यक्रम से बस द्वारा लौट रहे थे। आरोप है कि डी-मार्ट क्रॉसिंग के पास ट्रैफिक पुलिस ने बस रोकी और महिला कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला को धमकाने की बात भी कही गई है। रेलवे का दावा है कि इसके बाद बस को जबरन कोलार थाने ले जाकर कर्मचारियों पर ही मामला दर्ज कर दिया गया।
इंटरनेट पर वायरल हुआ वीडियो फुटेज और पुलिस की जांच
मारपीट के इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना कैद हुई थी। उसके बाद से ही यह मामला चर्चा में आ गया था। पूरा घटनाक्रम कोलार थाना क्षेत्र के डी-मार्ट शॉपिंग मॉल के पास का बताया जा रहा है। इन आरोपों पर डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि रेलवे की ओर से जांच के लिए एक आवेदन मिला है, जिस पर जांच की जा रही है।
