पायल राजपूत प्रेस कॉन्सफ्रेंस में फूट-फूटकर रोईं, रोके ना रुके आंसू, छोड़कर जाना पड़ा स्टेज
सिनेमा की चकाचौंध भरी दुनिया के पीछे हम एक्टर्स की निजी जिंदगी के संघर्षों को जानने में अक्सर नाकाम रहते हैं। ऐसा बहुत कम होता है, जब पर्दे पर चमकने वाले सितारे असल जिंदगी में सबसे सामने भावुक हो जाएं। कुछ ऐसा ही हुआ है एक्ट्रेस पायल राजपूत के साथ। साउथ सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस और हिंदी टीवी का जाना-पहचाना चेहरा पायल मंगलवार को स्टेज पर सबसे सामने भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसुओं की ऐसी धारा बही कि वह खुद को संभाल नहीं पाईं और फिर कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। 33 साल की पायल राजपूत का यह हाल देखकर ना सिर्फ फैंस, बल्कि सोशल मीडिया पर हर कोई भावुक है। यह मौका था पायल की अपकमिंग फिल्म ‘फर्स्ट टाइम 01-01-01’ के प्रमोशन का, जहां एक रिपोर्टर के सवाल ने एक्ट्रेस को असहज कर दिया।
हिंदी टीवी पर ‘सपनों से भरे नैना’ और ‘गुस्ताख दिल’ जैसे शोज में नजर आईं पायल राजपूत ने 2018 में ‘RX 100’ फिल्म से टॉलीवुड में शानदार डेब्यू किया था। अपनी पहली ही फिल्म से उन्होंने सबका ध्यान खींचा, लेकिन उनकी बाद की फिल्में वैसा ही असर दिखाने में नाकाम रहीं। यहां तक कि ‘मंगलवारम’ भी, जिसने चर्चा तो बटोरी पर एक बड़ी कमर्शियल सक्सेस नहीं बन पाई।
पायल राजपूत बता रही थीं जिंदगी के सबसे मुश्किल दिनों की कहानी
मंगलवार को फिल्म ‘First Time 01-01-01’ के प्रमोशन के सिलसिले में पायल राजपूत मीडिया से बात कर रही थीं। इस दौरान वह निजी जिंदगी की मुश्किलों की बात करते हुए मंच पर ही रो पड़ीं। दिल्ली में पैदा हुई पायल ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी के कुछ सबसे मुश्किल महीने जयपुर में बिताए, जहां उन्होंने ‘विपश्यना’ ध्यान किया। यह एक तरह का मौन ध्यान है, जिसमें खुद को समझने और मानसिक स्पष्टता पर जोर दिया जाता है।
