400 किलो वजन की क्षमता थी लिफ्ट में, छठवां व्यक्ति जैसे ही चढ़ा, गिर गई लिफ्ट
भोपाल। एमपी नगर जोन-2 स्थित सागर प्लाजा में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। भवन की लिफ्ट चौथी मंजिल से सीधे बेसमेंट तक जा गिरी, जिससे उसमें सवार छह पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर दौड़े और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में पत्रकार रिजवान अहमद सिद्दीकी, सुशील त्रिपाठी, दिलीप भदौरिया, अनीता चौबे, प्रगति श्रीवास्तव और सादिया खान शामिल हैं।
इनमें रिजवान अहमद सिद्दीकी, सुशील त्रिपाठी और सादिया के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि अन्य के हाथ, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।शाम करीब 5:30 बजे मुलाकात के बाद सभी चौथी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे उतर रहे थे। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की अधिकतम क्षमता 400 किलो थी। जैसे ही छठा व्यक्ति लिफ्ट में सवार हुआ, अचानक लिफ्ट असंतुलित हो गई और तेज आवाज के साथ सीधे बेसमेंट में जा गिरी।
बिल्डिंग में मौजूद लोगों ने बताया कि लिफ्ट गिरने की आवाज काफी तेज थी। बिल्डिंग में मौजूद स्टाफ मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला।
इस घटना ने बिल्डिंग प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि लिफ्ट की नियमित जांच और मेंटेनेंस होती, तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
एमपी नगर पुलिस को घायलों की सूचना मिली थी। जिसके बाद थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा और टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी का कहना है कि फिलहाल घायलों की प्राप्त हुई है। उनके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
