समाधान शिविर कुटरु में उमड़ा जनसैलाब

बीजापुर। सुशासन तिहार के अंतर्गत कुटरु में आयोजित समाधान शिविर में तपती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु हजारों ग्रामीण शिविर में पहुंचे। इस शिविर में ग्राम पंचायत गुदमा, कोमपल्ली, केतुलनार, सकनापल्ली, अड़ावली, अम्बेली, कुटरु, मंगापेठा, दरभा, उसकापटनम, करकेली, हुर्रागुबाली, फरसेगढ़, रानीबोदली, सागमेटा, पेंकरम, सोमनपल्ली एवं मण्डेम सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने प्रेरित किया। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्रहण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण शिविर में उपस्थित कर्मचारियों का सहयोग करें और आवश्यक दस्तावेज समय पर बनवाएं। उन्होंने बताया कि शासन की अधिकांश योजनाओं में डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के खाते में राशि अंतरित की जाती है, इसलिए सभी हितग्राहियों के लिए बैंक खाता और आधार कार्ड आवश्यक है। साथ ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से बीपीएल परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलने की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं की गोद भराई तथा छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और सामाजिक रूप से विशेष बना दिया। शिविर में 24 से अधिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नए आवासों की चाबी वितरण के साथ समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कृषि, मत्स्य, राजस्व एवं अन्य विभागों द्वारा भी हितग्राहियों को सामग्री वितरित की गई। सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए। शिविर के माध्यम से इन आवेदनों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण का आश्वासन दिया गया।

जनसंपर्क विभाग द्वारा शिविर में शासकीय योजनाओं का प्रचार प्रसार करते हुए छत्तीसगढ़ संवाद से प्रकाशित प्रचार सामग्री मासिक पत्रिका जनमन, सुशासन के नवीन आयाम, विकसित भारत के बढ़ते कदम, बिल्डिंग टूमारो छत्तीसगढ़ टुडे,अटल निर्माण वर्ष 2 साल रिपोर्ट कार्ड निशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती दशरी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य  प्रीति आरकी जनपद उपाध्यक्ष  जितेन्द्र लेकाम जनपद पंचायत सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, संबंधित पंचायतों के सरपंच, एसडीएम भैरमगढ़,  विकास सर्वे  जनपद पंचायत सीईओ  अभिषेक तंबोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *