अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्यवाही, 3 हाइवा समेत 8 वाहन पकड़े गए

सुकमा । जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर करारा प्रहार किया। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में जिला खनिज जांच दल और पुलिस की संयुक्त टीम ने कुड़ुकरास क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 8 वाहनों को पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है।

खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर 3 हाइवा और 5 ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि कई वाहन बिना वैध ट्रांजिट पास के रेत ढो रहे थे। प्रशासन ने 5 वाहनों को सीधे जब्त कर लिया, जबकि 3 वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए मौके पर ही रेत खाली करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें भी पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा और स्थानीय सुकमा क्षेत्र के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71(5), खान एवं खनिज विकास तथा विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21(5) और छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। खनिज निरीक्षक मंथन केमरो ने स्पष्ट कहा कि बिना वैध अनुमति खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने जिले के खनिज ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देश पर खनिज अमला और पुलिस लगातार फील्ड में सक्रिय हैं तथा आने वाले दिनों में भी औचक जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई को अवैध उत्खनन के खिलाफ अब तक की सबसे प्रभावी मुहिमों में से एक माना जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *