भोपाल में हमीदिया अस्पताल के गेट पर मरीज के अटैंडर ने कर दी गार्ड की पिटाई, पास मांगने पर हुआ विवाद
भोपाल। हमीदिया अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड हेमंत के साथ अटैंडर द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद कोहेफिजा थाना पुलिस ने आरोपी अजीब अली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि अस्पताल में प्रवेश के दौरान गार्ड हेमंत रैकवार ने अटैंडर अजीब अली से पास दिखाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गार्ड के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने उस पर पास रखी कुर्सी उठाकर मारने लगा। घायल गार्ड को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में ही भर्ती किया गया है।
पास चैकिंग के दौरान हुई घटना
पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम 7 बजे के करीब गार्ड हेमंत रैकवार हमीदिया अस्पताल के गेट पर ड्यूटी कर रहा था। वह पास चेक कर लोगों को अस्पताल में प्रवेश दे रहा था।
इसी दौरान अजीब अली अपनी के साथ वहां पहुंचा। पास नहीं होने पर गार्ड ने दोनों को वहीं रोक दिया और वेटिंग एरिया में बैठने को कहा। इस दौरान उनके बीच विवाद होने लगा और देखते ही देखते आरोपी ने गार्ड पर हमला कर दिया और उसे पीटने लगा।
गार्ड के अनुसार आरोपी ने कुर्सी से उसके मुंह और नाजुक अंगों पर वार किया। इस दौरान वहां मौजूद दूसरे गार्ड मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोका। इस दौरान आरोपी ने गार्ड को मारने की धमकी भी दी थी।
