आरोपी समर्थ सिंह को आज रिमांड पर लेगी CBI, इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की होगी जांच
भोपाल। नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मुख्य आरोपित अधिवक्ता समर्थ सिंह को बुधवार को विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच जारी
सीबीआई सूत्रों के अनुसार मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। समर्थ सिंह के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसी घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का भी विश्लेषण कर रही है।
पुराने विवादों पर रहे फोकस
जांच का मुख्य फोकस घटना से पहले ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह के बीच हुए विवाद और बातचीत के तथ्यों को सामने लाना है। सीबीआई यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच किन परिस्थितियों में तनाव उत्पन्न हुआ था।
मामले को लेकर पहले से ही जनआक्रोश बना हुआ है और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग लगातार उठाई जा रही है।
