‘ओमान ठीक से रहे वरना उड़ा देंगे’, ट्रंप ने खाड़ी के दोस्त देश को क्यों दी धमकी, ईरान के होर्मुज प्लान पर भड़के

वॉशिंगटन: ईरान के साथ तनाव खत्म करने को लेकर चल रही मुश्किल बातचीत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब ओमान को धमकी दी है। ट्रंप ने सीधे चेतावनी दी कि अगर ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के मामले में ईरान का साथ दिया तो अमेरिका उस पर हमला कर देगा। ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वह जलडमरूमध्य पर नियंत्रण रखने वाले किसी समझौते को स्वीकार करेंगे तो उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी देश को इस पर नियंत्रण की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इसके साथ ही ट्रंप ने उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया जिसमें दावा किया गया था कि युद्ध को समाप्त करने के लिए बनाए गए ढांचे के तहत ईरान और ओमान मिलकर इस जलडमरूमध्य से होने वाली जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे।

वॉइट हाउस में कैबिनेट की तनावपूर्ण बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, "यह जलडमरूमध्य सभी के लिए खुला रहेगा।" उन्होंने आगे कहा, "यह अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र है और ओमान को भी बाकी देशों की तरह ही पेश आना होगा, वरना हम उन्हें उड़ा देंगे। वे इस बात को समझते हैं और वे ठीक रहेंगे।"

अमेरिका का सहयोगी है ओमान

ट्रंप की बयानबाजी ने कइयों को हैरान कर दिया है, क्योंकि ओमान, अमेरिका के सबसे करीबी और पुराने खाड़ी सहयोगियों में से एक रहा है। इसने अमेरिका और ईरान के बीच एक शांत मध्यस्थ की भूमिका निभाई है।

समाचार एजेंसी ने वॉइट हाउस से इस टिप्पणी के बारे में पूछा कि क्या ट्रंप से बोलने में कोई गलती हुई थी और क्या उनका इशारा ओमान की जगह ईरान की तरफ था। वॉइट हाउस ने तत्काल इस पर जवाब नहीं दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बाद में ओमान के बारे में ट्रंप की टिप्पणियों का एक क्लिप और ट्रांसक्रिप्ट पोस्ट किया, जिसमें कोई स्पष्टीकरण या सुधार नहीं था।ईरान और अमेरिका के बीच तनाव खत्म करने को लेकर चल रही बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य केंद्र में रहा है। ईरान ने संकेत दिया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य में एक नई स्थिति बनाना चाहता है, जिसके तहत वह गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलेगा और उस कमाई को ओमान के साथ बांटेगा।

वॉइट हाउस ने खारिज किया ईरान का दावा

इसके पहले दिन में ईरान के सरकारी टीवी ने दावा किया कि एक ड्राफ्ट तैयार हो गया है, जिससे होर्मुज के रास्ते होने वाली वाणिज्यिक शिपिंग को एक महीने के भीतर युद्ध के पहले के स्तर पर लौट आएगी। रिपोर्ट में बताए गए प्रस्ताव के तहत ईरान और ओमान मिलकर शिपिंग ट्रैफिक की देखरेख करेंगे। वॉइट हाउस ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढ़ंत बताकर खारिज कर दिया। ट्रंप ने बाद में दोहराया कि जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत रहेगा। उन्होंने कहा कि कोई इसे कंट्रोल नहीं करेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *