अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा जिले के 145 युवा चयनित, कलेक्टर ने दी बधाई

जांजगीर-चांपा, भारतीय थलसेना द्वारा अग्निवीर भर्ती हेतु मई-जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) एवं इसके पश्चात आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षण में जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। 

डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान ने बताया कि जिले से 145 युवा अंतिम रूप से अग्निवीर थलसेना में चयनित हुए हैं। वहीं टेरिटोरियल आर्मी में जिले के 14 युवाओं तथा क्लर्क पद के लिए 05 युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। उल्लेखनीय है कि सीईई परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 10 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी में आयोजित किया गया था।

उन्होंने बताया कि कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को सेना भर्ती में सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई थी। जिला प्रशासन ने भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से 09 सितंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक युवाओं के लिए आवासीय शारीरिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कराया था। प्रशिक्षण शिविर में जिले के 199 युवाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के अनुरूप नियमित अभ्यास कराया गया। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक एवं शाम 4 बजे से 7 बजे तक युवाओं को दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, गड्ढा कूद, ऊंचाई मापन सहित अन्य शारीरिक गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। भूतपूर्व सैनिक संघ के मार्गदर्शन में युवाओं को अनुशासन एवं फिटनेस के प्रति भी प्रेरित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम आया है।

कलेक्टर महोबे ने अग्निवीर भर्ती में चयनित सभी युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के युवाओं ने कठिन परिश्रम, समर्पण एवं अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। कलेक्टर ने चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *