हम तो चाहते हैं कि फोर्स बुलाकर खाली करावें… खुद से 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली नहीं करेंगी राबड़ी देवी

पटना: बिहार की सियासत में सरकारी बंगलों को लेकर एक बार फिर घमासान शुरू हो गया है। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को भवन निर्माण विभाग की ओर से ’10 सर्कुलर रोड’ स्थित सरकारी आवास खाली करने का आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है। इस आदेश पर राबड़ी देवी ने बेहद आक्रामक और बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि वो किसी भी कीमत पर इस आवास को खुद से खाली नहीं करेंगी। राबड़ी देवी ने चुनौती देते हुए कहा कि हम तो चाहते हैं कि वो फोर्स (पुलिस बल) बुलाकर इस बंगले को खाली करवाएं।

राबड़ी देवी को एलॉट हो चुका है नया बंगला

बिहार भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पुराने आदेश को निरस्त कर दिया गया है। अब उन्हें 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं, दूसरी ओर राबड़ी देवी का मौजूदा आवास यानी 10 सर्कुलर रोड अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम के नाम पर आवंटित कर दिया गया है। विभाग ने कहा है कि ये नया आवंटन सक्षम प्राधिकार की मंजूरी मिलने के बाद ही किया गया है।

बंगला खाली के लिए सभी विभागों को कॉपी

  • भवन निर्माण विभाग के पत्र पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के बकायदा हस्ताक्षर है।
  • आवास ट्रांसफर की कानूनी प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए बिहार सरकार पूरी तरह तैयार।
  • विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय को भेजी है।
  • इसके साथ ही संबंधित विभागों और इंजीनियरिंग शाखा को भी इसकी कॉपी भेजी गई है।
  • 10 सर्कुलर रोड बंगले के ट्रांसफर का काम आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर पैनी नजर।

21 साल से ’10 सर्कुलर रोड’ में लालू-राबड़ी परिवार

पटना का 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास लंबे समय से बिहार की राजनीति का सबसे अहम और बड़ा केंद्र बिंदु रहा है। इस बंगले को हमेशा से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की राजनीतिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जाता रहा है। यही वजह है कि इसके नए आवंटन और राबड़ी देवी को इसे खाली करने का नोटिस मिलने के बाद से ही लालू-राबड़ी परिवार तमतमाया हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *