रायसेन में दो बस टकराईं, 3 की मौत

रायसेन, रायसेन में दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में 3 यात्रियों की मौत हो गई। एक यात्री का सिर फटकर दो हिस्सों में बंट गया। शवों की ऐसी हालत है कि चेहरे पहचान नहीं आ रहे हैं। 15 लोग घायल हैं, जिनमें से कई के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। घटना सुबह करीब 11 बजे खरबई थाना चौकी अंतर्गत सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुई है।

दो मृतकों की पहचान नीतीश व्यास (28) पिता एसएन व्यास, निवासी पंडा टेकापार, सुल्तानगंज और माखन लोधी (29) पिता रामबाबू लोधी, निवासी पचीपुरा, बेगमगंज के रूप में हुई है। एक शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

बता दें, पहले 5 लोगों की मौत की सूचना आई थी, बाद में 3 यात्रियों की जान जाने की पुष्टि हुई।

कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और एसपी आशुतोष गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। एसपी गुप्ता ने बताया कि दोनों बसें भोपाल-सागर रूट पर चलती हैं। भोपाल से सागर जा रही बस के यात्रियों की मौत हुई है। दूसरी बस में सवार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। एक बस पुलिया से टकराने के बाद रुकी।

ओवरस्पीड और मोड़ बना हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शी हेमराज लोधी ने कहा- मैं यहां से गुजर रहा था। इसी दौरान तेजी से दौड़ रही शक्ति ट्रेवल्स और कल्पना ट्रेवल्स की बसों की टक्कर हो गई। ड्राइवर लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहे थे। स्पीड ज्यादा होने से टर्न पर बसें संभल नही पाईं और आपस में टकरा गईं। विंडो सीट पर बैठे कई यात्रियों के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं।

बस में 30-35 लोग सवार थे

यात्री ममता रैकवार ने बताया कि वे भोपाल के ISBT से सिलवानी जाने के लिए बस में सवार हुई थीं। इसमें 30-35 लोग सवार थे। 10 बजकर 10 मिनट पर बस वहां से रवाना हुई थी। टोल के आगे आते ही अचानक जोरदार झटका लगा। यात्री सीट से नीचे गिर पड़े। ड्राइवर ने बस को बहुत कंट्रोल किया। उसे भी चोट आई है।

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने कहा- केसली से आ रही बस की जयसिंह नगर की ओर से आ रही बस से सीधी टक्कर हो गई। खिड़की के पास बैठे यात्रियों को गंभीर चोट आई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *