मऊगंज के BJP विधायक प्रदीप पटेल के भोपाल स्थित आवास में चोरी, लैपटॉप, घड़ी पर हाथ साफ

भोपाल। मालवीय नगर स्थित विधायक विश्राम गृह में रविवार को मऊगंज के विधायक प्रदीप पटेल को आवंटित आवास में चोरी हो गई। विधायक के विश्राम गृह में उनके निज सचिव रहते हैं। रविवार को सुबह करीब दस बजे वह कुंडी लगाकर बाहर नाश्ता करने गए थे।

इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर उनके आवास से लैपटाॅप, एक कीमती घड़ी और कई अहम दस्तावेज चुरा लिए। करीब एक घंटे बाद जब निज सचिव वापस लौटे तो उन्हें घर का दरवाजा खुला मिला और सामान गायब था। शिकायत पर अरेराहिल्स थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

विधायक विश्राम गृह के परिसर में सीसीटीवी कैमरे ही नहीं

  • पुलिस के अनुसार मऊगंज, रीवा के विधायक प्रदीप पटेल को विधायक विश्राम गृह के खंड क्रमांक तीन में तीसरी मंजिल पर फ्लैट क्रमांक 74 आवंटित है।
  • फ्लैट में उनके निज सचिव रमानंद पटेल अकेले रहते हैं। रविवार को सुबह नाश्ता करने के लिए बाहर जाते समय उन्होंने फ्लैट के दरवाजे पर ताला नहीं लगाया था।
  • अरेराहिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि न केवल संबंधित फ्लैट बल्कि पूरे विधायक विश्राम गृह परिसर में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।
  • इतना ही नहीं, परिसर तीन तरफ से खुला है, जिससे किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पाती। ऐसे में चोर किस रास्ते से आए और किस दिशा से फरार हुए, इसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

दो महीने में दूसरी बार विधायक-मंत्री के आवास में चोरी

  • विधायक-मंत्री के सरकारी आवासों में चोरी का यह पहला मामला नहीं है।
  • इससे पहले खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के 74 बंगला स्थित सरकारी आवास में भी चोरी की वारदात हो चुकी है।
  • वहां स्टोर रूम से सम्मान स्वरूप मिली ट्राफियां और शील्ड चोरी हो गई थीं।
  • उस मामले में भी अब तक आरोपितों का पता नहीं चल सका है।
  • अब विधायक विश्राम गृह में हुई चोरी ने एक बार फिर सरकारी आवासों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *