अब नहीं पड़ेगी विदेशी सर्वर की जरूरत, जोहो ने लॉन्च किया स्वेदशी ‘नाथू ला’, जानिए क्या है खूबी

नई दिल्ली: देश की दिग्गज टेक कंपनी जोहो कॉरपोरेशन ने आज अपने स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए सर्वर ‘नाथू ला’ को लॉन्च किया। मैनेजइंजन और जोहो जैसे ब्रांड्स की इस मूल कंपनी का कहना है कि नए सर्वर से कुल खर्च में 20 से 30 फीसदी और बिजली खपत में 12 से 18 फीसदी तक की कमी आने की उम्मीद है। नाथू ला सर्वर का मदरबोर्ड और चेसिस प्लेटफॉर्म्स हाडर्वेयर, फमर्वेयर और सिस्टम मैनेजमेंट के क्षेत्र में पांच वर्षों से अधिक समय तक किए गए रिसर्च और डेवलपमेंट का परिणाम है।

कंपनी का कहना है कि इस सर्वर के लिए रिसर्च एंड डेवलपमेंट का काम नागपुर में किया गया। इसके लिए कंपनी ने कुछ स्थानीय प्रतिभाओं को रिक्रूट किया था और उन्हें ट्रेनिंग दी थी। इस सर्वर में इंटेल जियॉन 6 प्रोसेसर लगे हैं और इसे इंटेल के सहयोग से विकसित किया गया है। कंपनी का कहना है कि भारत में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो रहा है लेकिन इसके लिए जरूरी सर्वर टेक्नोलॉजी लंबे समय से विदेशों से आती रही है। इसके लिए भारतीय कंपनियों को विदेशी संस्थाओं को रॉयल्टी और लाइसेंस शुल्क चुकाना पड़ता है।’

छह साल की मेहनत का नतीजा

जोहो ने साल वर्ष 2020 में नागपुर में एक छोटी टीम बनाई थी, जिसका उद्देश्य सर्वर डिजाइन जैसे रिसर्च और डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स पर काम करना था। इसके बाद 2023 में भारत सरकार ने सर्वर समेत कई कम्प्यूटिंग डिवाइसेस के आयात पर प्रतिबंधों की घोषणा की, जिससे देश में इस तकनीक को विकसित करने की जरूरत और स्पष्ट हो गई। इस सर्वर में कस्टमाइज्ड पावर डिलीवरी सिस्टम, जोहो द्वारा विकसित डीसी-एससीएम और अलग-अलग जरूरतों के अनुरूप मॉड्यूलर चेसिस विकल्प दिए गए हैं। इससे इसे विभिन्न प्रकार के उपयोग और डिप्लॉयमेंट के लिए आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।

भारत की क्षमता

जोहो कॉर्प के सीईओ शैलेश दवे ने कहा, "हमें ऐसा सर्वर सिस्टम बनाने पर गर्व है, जिसे पूरी तरह भारत में डिजाइन किया गया है। यह तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नाथू ला सर्वर का विकास यह प्रदर्शित करता है कि छोटे शहरों और गांवों की प्रतिभाएं भी जटिल तकनीक विकसित कर सकती हैं। रिसर्च, डेवलपमेंट और कौशल विकास में लगातार निवेश के जरिए हम न केवल तकनीक विकसित कर रहे हैं, बल्कि उसे बनाने वाली प्रतिभाओं को भी तैयार कर रहे हैं।"

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *