इंदौर से टीकमगढ़ जा रही बस में मिला 34 लाख रुपये से ज्यादा का सोना

टीकमगढ ।  टीकमगढ़ शहर में बसों से सोने की कालाबाजारी की जा रही है। सोमवार को इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इंदौर से टीकमगढ़ पहुंची बस से 600 ग्राम से अधिक सोना जब्त किया है। जिसकी कीमत 34 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं बस से सोने की तस्करी की सूचना मिलते ही तमाम लोग बस स्टैंड पर जमा हो गए।

सोमवार की सुबह जैसे ही बस क्रमांक एमपी 36 पी 4499 टीकमगढ़ बसस्टैंड पर आकर रूकी, वैसे ही सादा वर्दी में पहुंची पुलिस ने इस बस को घेर लिया और सीधा ड्राईवर के पास पहुंचे। यहां पर ड्राईवर के पास से एक पार्सल जब्त किया और उसके बारे में पूछताछ शुरू कर दी। वहीं इस पार्सल को जब्त कर सीधा पुलिस अधीक्षक को सूचना दी गई और पार्सल कोतवाली पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि इस बस में एक मोबाइल के डिब्बे में सोना भेजा गया था। इंदौर के किसी व्यापारी द्वारा इसे टीकमगढ़ के व्यापारियों के लिए भेजा गया था।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि शहर में बसों से सोने की कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोमवार को पुख्ता जानकारी होने पर पुलिस को पहले से ही तैयार कर दिया गया था। बसस्टैंड पर बस के आते ही ड्राईवर के पास से कुछ पार्सल जब्त किए गए थे। इसमें सोने का पार्सल भी शामिल था। इसे इंदौर में किसी ने ड्राईवर को दिया था और टीकमगढ़ में किसी व्यक्ति को देने के लिए कहा था। एसपी काशवानी ने बताया कि ड्राईवर के पास से मिले पांच पार्सल के आधार पर सभी को बुलाया जा रहा है। जिसका यह पार्सल होगा उससे पूंछताछ कर संबंधित विभाग को सूचना दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पार्सल में 600 ग्राम से अधिक सोना है। इसकी वीडियोग्राफी करते हुए तौल कराई जा रही है। उनका कहना है कि इस सोने के साथ किसी प्रकार का बिल नहीं मिला है।

पांच व्यापारियों ने मंगाया था सोना

सूत्रों की माने तो यह सोना शहर के पांच व्यापारियों द्वारा मंगाया गया था। संभवत: पुलिस ने इनकी शिनाख्त भी कर ली है। इस मामले में पुलिस पूरी कार्रवाई करने में जुटी हुई है। इस मामले के बाद साफ हो गया है कि शहर में सोने का नंबर दो का कारोबार जमकर चल रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *