निकाय चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन

मेरठ | निकाय चुनाव प्रचार का मंगलवार को अंतिम दिन है, जिसमें जुलूसों पर जोर रहेगा। सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोकेंगे। पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार का पहिया थम जाएगा। इसके बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बुधवार सुबह से मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना होनी शुरू हो जाएंगी। प्रत्याशियों की 11 मई 2023 को अग्नि परीक्षा होगी। 13 मई को नतीजे आएंगे।मेरठ में दूसरे चरण में गुरुवार सुबह 7:00 बजे से मतदान होगा। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर पद पर 15, पार्षद पद पर 522, दोनों नगर पालिकाओं (मवाना व सरधना) में अध्यक्ष पद पर 27, सदस्य पद पर 237 व नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर 141 और सदस्य पद पर 763 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि 316 वार्ड, 503 पोलिंग स्टेशन, 1480 बूथों पर 16,09, 831 मतदाता वोट करेंगे। नगर निगम का मतदान ईवीएम से और नगर पालिका-नगर पंचायत में बैलेट पेपर से मतदान होगा। इसके लिए 57 निर्वाचन अधिकारी, 89 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 38 जोनल मजिस्ट्रेट और 154 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

नगर निगम और नगर पालिका, नगर पंचायतों के मतगणना के लिए पोलिंग पार्टियां भामाशाह पार्क से रवाना होंगी। सभी 16 निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की निगरानी के लिए 19 टीमें बनाई गई हैं। नगर निगम चुनाव कराने के लिए बने प्रेक्षक सुधीर महादेव बोडबे और नगर पालिका-नगर पंचायत चुनाव प्रेक्षक कंचन सरन ने कहा कि निगरानी टीम को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों और उसके समर्थकों की वीडियोग्राफी कर मुकदमा दर्ज कराया जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *