नोएडा में टशन दिखाने के लिए किराए पर ली थार, दूसरी गाड़ी में मारी टक्कर; बीटेक छात्र गिरफ्तार

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक थार की दूसरी गाड़ी को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस मामले में बीटेक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। चचेरे भाई की शादी में रुतबा दिखाने के लिए किराये पर ली गई थार गाड़ी एक बीटेक छात्र को भारी पड़ गई। तीन दोस्तों के साथ मंगलवार शाम शादी में शामिल होने जा रहे छात्र ने अल्फा-1 सेक्टर में खड़ी आई-टेन कार और एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान युवराज के रूप में हुई है। युवराज ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक कॉलेज में बीटेक का छात्र है। वह अपने तीन दोस्तों के साथ चचेरे भाई की बरात में शामिल होने के लिए ग्रेटर नोएडा से 4500 रुपये में किराये की थार गाड़ी लेकर निकला था। बरात सिरौली, लोनी (गाजियाबाद) की थी।

लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला

अल्फा-1 सेक्टर में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए युवराज ने सड़क किनारे खड़ी आई-टेन कार और पास में खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद आरोपी थार लेकर मौके से भाग निकला। घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पूछताछ में युवराज ने स्वीकार किया कि वह शादी में ‘टशन’ दिखाने के लिए थार लेकर निकला था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, दुर्घटना कर फरार होने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *