आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर रोडवेज-स्कूल बस की टक्कर, घने कोहरे के कारण हुए हादसे में तीन लोग घायल

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से घने कोहरे के कारण हादसे की खबर सामने आई है। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाइवे-93 पर स्थित गांव जरैया मोड़ के पास एक्सिडेंट हो गया। यहां एक रोडवेज बस और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में स्कूल बस के चालक एवं परिचालक सहित रोडवेज में सवार एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे हाइवे पर यातायात बाधित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, डीपीएस स्कूल की बस सासनी से अलीगढ़ की ओर जा रही थी। वहीं, रोडवेज बस अलीगढ़ से आगरा की तरफ जा रही थी। जैसे ही दोनों बसें जरैया मोड़ के पास पहुंचीं, उनके बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल बस के चालक कालवेंद्र और परिचालक रोहदान सिंह लहूलुहान हो गए। वहीं, रोडवेज बस में सवार खैर, अलीगढ़ निवासी 65 वर्षीय वृद्ध महिला संतोषी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

शोकसभा में जा रही थी महिला

घायल महिला के परिजनों ने बताया कि हम सभी अलीगढ़ से आगरा एक गमी (शोक सभा) में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। भीषण कोहरे के कारण हादसे की बात सामने आई है। हादसे के बाद भी दोनों गाड़ियों की रफ्तार तेज होने से इंपैक्ट जोरदार रहा। इससे दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दरअसल, दोनों बसों की जोरदार टक्कर की आवाज दूर तक सुनी गई। इसके बाद लोग घटना की जानकारी के लिए जुटे। मौके से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मौके पर लोगों की मदद से घायलों को सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *