कुबेरेश्वर धाम से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, भोपाल में तेज रफ्तार ऑटो पलटा… एक की मौत; छह घायल

भोपाल: भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीर्थयात्रा से लौट रहे परिवार की खुशियां छीन लीं। सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम से दर्शन कर झारखंड लौट रहे परिवार का ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। आरोप है कि चालक मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। दुर्घटना में 60 वर्षीय जगदीश सिंह की मौत हो गई, जबकि छह अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
तीर्थयात्रा से लौटते समय हुआ हादसा
लापरवाही और तेज रफ्तार ने एक परिवार की तीर्थयात्रा को मातम में बदल दिया। ग्राम पसयाड़ी, थाना नवलसाही, जिला कोडरमा (झारखंड) निवासी अंकित सिंह (21) अपने परिवार के साथ सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन करने आया था। मंगलवार को दर्शन के बाद परिवार भोपाल स्टेशन के लिए ऑटो से रवाना हुआ।
यात्रियों ने दी थी चेतावनी
ऑटो में अंकित सिंह के साथ मौसी का लड़का शुभम सिंह, नाना जगदीश सिंह (60), बड़े नाना बनवारी सिंह, मां संगीता देवी, मौसी सुषमा देवी, नानी सरजू देवी, बड़ी नानी चंद्रीदेवी और छोटी नानी शांति देवी सवार थीं। आरोप है कि चालक सफर के दौरान मोबाइल पर बात करता रहा और तेज गति से ऑटो चलाता रहा। यात्रियों ने कई बार उसे धीमे चलाने को कहा, लेकिन उसने अनसुनी कर दी।
तहसील गेट के पास पलटा ऑटो
रात करीब नौ बजे ऑटो कोहेफिजा के तहसील गेट के पास संजय बेकरी के सामने पहुंचा, तभी वह अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में सभी सवार घायल हो गए। घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।
एक की मौत, चालक फरार
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने जगदीश सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं का उपचार जारी है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद चालक ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया। उसका नंबर भी दर्ज नहीं हो सका। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *