चांद पर 10 साल में बन जाएगी इंसानों की बस्ती! मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने बनाया प्लान, कितना आएगा खर्च?

नई दिल्ली: चांद पर इंसानों की बस्ती 10 साल के भीतर बनकर तैयार हो जाएगी। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने इसके लिए एक प्लान बनाया है। स्पेसएक्स के फाउंडर एलन मस्क ने बताया कि कंपनी ने मंगल ग्रह पर इंसानों को भेजने का अपना पुराना सपना फिलहाल टाल दिया है। अब कंपनी का पूरा ध्यान चांद पर इंसानी बस्ती बसाने पर है।

यह स्पेसएक्स के लिए एक बड़ा रणनीतिक बदलाव है। स्पेसएक्स अमेरिका की स्पेस कंपनी नासा (NASA) के लिए एक अहम कॉन्ट्रैक्टर (ठेकेदार) बन गई है। साथ ही, मस्क की यह योजना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चांद पर इंसानी मिशन भेजने के जोर से भी मेल खाती है। एलन मस्क ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘जो लोग नहीं जानते, स्पेसएक्स ने अब चांद पर एक ऐसी सिटी बनाने पर फोकस किया है जो खुद-ब-खुद बढ़ती रहे। हम इसे 10 साल से भी कम समय में हासिल कर सकते हैं, जबकि मंगल ग्रह पर यह काम 20 साल से ज्यादा लेगा।’

मंगल ग्रह का प्लान क्यों टाला?

मस्क ने इस बदलाव की वजह लॉजिस्टिक्स (सामान पहुंचाने और व्यवस्था) की मुश्किलें बताईं। उन्होंने कहा कि मंगल ग्रह की यात्रा ग्रहों की चाल पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मंगल ग्रह पर जाने का मौका हर 26 महीने में ही मिलता है, जब ग्रह एक सीध में आते हैं। लेकिन हम हर 10 दिन में चांद पर लॉन्च कर सकते हैं।

हालांकि मस्क ने मंगल ग्रह का अपना प्लान बंद नहीं किया है। मस्क ने जोर देकर कहा कि मंगल ग्रह अभी भी स्पेसएक्स के लंबे समय के विजन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कंपनी मंगल ग्रह पर भी सिटी बनाने की कोशिश करेगी और लगभग 5 से 7 साल में इस पर काम शुरू कर देगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *