19 साल बाद बनेगा दुर्लभ संयोग, 58 दिन का रहेगा सावन मास, क्यों होगा ऐसा?

इस बार सावन मास बहुत खास रहेगा क्योंकि इस बार ये महीना 30 से अधिक दिनों का रहेगा। ऐसा दुर्लभ संयोग 19 साल बाद बना है। शिव भक्तों के लिए ये समय बहुत ही शुभ रहेगा क्योंकि उन्हें अपने आराध्य की पूजा के लिए अतिरिक्त दिन मिलेंगे।

हिंदू पंचांग में एक साल को 12 महीनों में बांटा गया है। हर तीसरे साल अधिक मास आता है, जिससे हिंदू वर्ष में महीनों की संख्या बढ़कर 12 से 13 हो जाती है। ऐसा चंद्र और सौर वर्ष की गणनाओं का समायोजन करने के लिया जाता है। इस बार भी अधिक मास का संयोग बन रहा है। सावन का अधिक मास (Sawan Adhik Maas 2023) होने से इसका महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। आगे जानिए कब से कब तक रहेगा सावन का अधिक मास और ये क्यों इतना खास है.

 
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. प्रवीण द्विवेदी के अनुसार, इस बार सावन का अधिक मास होने से ये महीना 30 दिनों का नहीं बल्कि 58 दिनों को होगा। पंचांग के अनुसार, सावन मास 4 जुलाई 2023 से शुरू होगा जो 30 अगस्त 2023 तक रहेगा। इस दौरान अधिक मास भी रहेगा। दो अधिक मास होने से सावन सोमवार की संख्या भी बढ़ जाएगी। शिव भक्तों के लिए ये समय बहुत ही शुभ फल देने वाला रहेगा।

 
ज्योतिषाचार्य पं. द्विवेदी के अनुसार, सावन का अधिक मास 18 जुलाई से शुरू होगा जो 16 अगस्त तक रहेगा। इस दौरान भगवान शिव के साथ-साथ विष्णुजी की पूजा भी विशेष रूप से की जाएगी क्योंकि अधिक मास के स्वामी स्वयं भगवान विष्णु ही हैं। इस तरह सावन के अधिक मास में शिव और विष्णु की पूजा का दुर्लभ संयोग बनेगा।

 
इसके पहले सावन का अधिक मास 19 साल पहले आया था यानी साल 2004 में। उस समय भी सावन के अधिक मास का आरंभ 18 जुलाई से हुआ था और इसका समापन 16 अगस्त को। इस तरह देखा जाए तो इतिहास खुद को दोहरा रहा है। क्योंकि पिछली बार की तरह इस बार भी सावन के अधिक मास की तारीखें एक जैसी हैं। ये भी एक दुर्लभ संयोग है।

 
इस बार 2 सावन मास होने से सावन के सोमवार की संख्या भी बढ़ जाएगी। सामन्य तौर पर सावन में 4-5 सोमवार आते हैं, लेकिन इस बार इनकी संख्या बढ़कर 8 हो जाएगी। शिवजी की भक्ति के लिए सावन सोमवार बहुत ही शुभ माने जाते हैं। ये हैं सावन सोमवार की तारीखें.
10 जुलाई- प्रथम सावन सोमवार
17 जुलाई- दूसरा सावन सोमवार
24 जुलाई- तीसरा सावन सोमवार (अधिक मास)
31 जुलाई- चौथा सावन सोमवार (अधिक मास)
7 अगस्त- पांचवा सावन सोमवार (अधिक मास)
14 अगस्त- छठा सावन सोमवार (अधिक मास)
21 अगस्त- सातवां सावन सोमवार
28 अगस्त- आठवां सावन सोमवार
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *