Aditya Dhar ने बताया रणवीर के पगड़ी पहन सिगरेट पीने वाले सीन का सच, ‘धुरंधर 2’ के AI वीडियो पर भड़के
आदित्य धर की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है, और इसे दमदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म सात दिनों के अंदर ही कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। आदित्य धर ने जहां फिल्म की सफलता के लिए दर्शकों का आभार जताया था, वहीं वह अब परेशान हैं। दरअसल, फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर झूठ फैलाया जा रहा है। कुछ सीन्स के साथ AI के जरिए छेड़छाड़ कर वायरल किया जा रहा है, जिससे आदित्य धर का दिल टूट गया है। हाल ही रणवीर सिंह की एक ‘धुरंधर 2’ से एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उन्हें पगड़ी पहन स्मोकिंग करते दिखाया गया। इसे लेकर मेकर्स और रणवीर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। आदित्य धर ने अब इस पर रिएक्ट किया है। उन्होंने इसे फेक बताया और साथ ही ऐसे काम करने वालों को चेतावनी दी कि उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।
आदित्य धर ने यह भी कहा कि वह सिख समुदाय का बहुत सम्मान करते हैं और फिल्म में हर चीज को बहुत ही संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है। ऐसे में वह AI के जरिए गलत वीडियोज और तस्वीरें फैलाने वालों पर भड़के हैं और कहना है कि यह सब फेक नैरेटिव फैलाने और विवाद पैदा करने के लिए किया जा रहा है।
आदित्य धर का फिल्म के कंटेंट से छेड़छाड़ करने वालों पर फूटा गुस्सा
आदित्य धर ने अपने X और इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा है, ”धुरंधर: द रिवेंज’ को देश और दुनियाभर के दर्शक जो प्यार दे रहे हैं, उसके लिए मैं बहुत ही आभारी हूं और हमेशा कर्जदार रहूंगा। हालांकि, मुझे पता चला है कि कुछ लोग AI का इस्तेमाल करके ऑफिशियली जारी किए गए प्रमोशनल मैटीरियल को मॉर्फ करके झूठी और भ्रामक बातें फैला रहे हैं। ऐसी ही एक फेक तस्वीर में हमजा/जसकिरत को पगड़ी पहने और सिगरेट पीते दिखाया गया है। यह पूरी तरह से गलत है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। यह न तो फिल्म का हिस्सा है और ना ही हमारे द्वारा जारी किसी ऑफिशियल मैटीरियल का। जानबूझकर यह छेड़छाड़ की गई है, ताकि लोगों को भड़काया जा सके और विवाद पैदा किया जा सके।’
‘ऐसी हरकतों से सख्ती से निपटा जाएगा’
आदित्य धर ने आगे लिखा है, ‘मैं यह बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैं सिख समुदाय का बहुत सम्मान करता हूं और फिल्म में हर चीज जो भी दिखाई गई है, उसे बहुत ही संवेदनशीलता, गरिमा और जिम्मेदारी के साथ प्रेजेंट किया गया है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या हेरफेर किए गए कंटेंट के जरिए इसके उलट कुछ भी कहना बहुत ही गलत और बेईमानी है। मैं दर्शकों से आग्रह करता हूं कि वो ऑफिशियल कंटेंट पर भरोसा करें और AI द्वारा फैलाई जा रही गलत चीजों के झांसे में न आएं। ऐसी हरकतों से सख्ती से निपटा जाएगा।’
रणवीर सिंह और मेकर्स के खिलाफ शिकायत
मालूम हो कि हाल ही ‘धुरंधर 2’ से सिख बने रणवीर सिंह की सिगरेट पीते हुए एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसे लेकर मुंबई के एक सिख संगठन ने फिल्म के मेकर्स और रणवीर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने यह शिकायत मुलुंड पुलिस स्टेशन में करवाई और ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स के साथ-साथ रणवीर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया था। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है, पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
‘धुरंधर 2’ का कलेक्शन
‘धुरंधर 2’ की कमाई की बात करें, तो इसने 18 मार्च को पेड प्रिव्यू शोज के साथ थिएटर्स में दस्तक दी थी, और अब सात दिनों में देश में 623.42 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। वहीं, 744.58 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, वर्ल्डवाइड इसने 1,006.50 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
