भोपाल-इंदौर के बाद ग्वालियर में चुनावी शंखनाद करेंगे शाह

ग्वालियर ।  कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जबलपुर के बाद ग्वालियर-चंबल अंचल से प्रदेश में चुनाव का शंखनाद किया है। भाजपा इसके जवाब में बड़ा संभागीय सम्मेलन कर सकती है। ग्वालियर भाजपा को प्रदेश नेतृत्व से प्रदेश कार्यसमिति की बृहद बैठक का आयोजन करने के संकेत मिले हैं। यह बैठक अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के प्रथम सप्ताह में हो सकती है। इसकी तारीख, स्थान की घोषणा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से हरी झंडी मिलने के बाद की जाएगी। कार्यसमिति से पहले संभागीय सम्मेलन होगा। इसमें चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, चुनाव सह प्रभारी केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव मौजूद रहेंगे। भाजपा की ओर से गृहमंत्री अमित शाह भोपाल और इंदौर में चुनाव का शंखनाद कर चुके हैं। अब ग्वालियर में तैयारी है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ग्वालियर में करने पर विचार भाजपा के चुनाव रणनीति के सूत्रधार अंचल में बड़े आयोजन की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेश कार्यसमिति के लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक के समापन पर नगर में गृहमंत्री अमित शाह की बड़ी सभा किए जाने पर विचार किया जा रहा है। संत रविदास समरस यात्रा के बाद इसकी तैयारी शुरू कर दी जाएगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले संभागीय सम्मेलन भी किया जा सकता है।

अंचल की 34 सीटों पर कांग्रेस की असली परीक्षा

ग्वालियर-चंबल अंचल की 34 विधानसभा सीटें बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य में प्रदेश में सत्ता की चाबी मानी जाती है। इसलिए भाजपा व कांग्रेस के रणनीतिकारों का अंचल पर फोकस है। 2018 के विधानसभा चुनाव में मिले जनाधार से कांग्रेस को अंचल से उम्मीदें हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है उस समय परिस्थितियां अलग थीं। अंचल के मतदाताओं के सामने ज्योतिरादित्य सिंधिया का चेहरा था। इस चुनाव में कांग्रेस की परीक्षा है। क्योंकि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अब भाजपा के पाले में खड़े में हैं।

जनाधार मजबूत करने प्रियंका गांधी की सभा हुई

अंचल में जनाधार मजबूत करने कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को जनाक्रोश रैली के माध्यम से चुनावी मैदान में उतार चुकी है। प्रियंका गांधी की सभा का जवाब देने भाजपा अंचल के केंद्र ग्वालियर में बड़ा राजनीतिक आयोजन करने की तैयारी कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *