भिखारियों से मुक्त होंगे मध्यप्रदेश के सभी जिले, इंदौर के बाद उज्जैन का नंबर, सरकार चलाएगी अभियान

इंदौर ।   इंदौर में भिक्षुक पुर्नवास केन्द्र का शुभारंभ, सामाजिक न्याय मंत्री ने कहा प्रदेश के सभी जिलों को भिखारियों से मुक्त करने का अभियान चलेगा। प्रदेश के सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा है कि इंदौर की तर्ज पर अब प्रदेश के अन्य शहरों को भी भिक्षावृत्ति से मुक्त शहर बनाने का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में समाज की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। नारायण सिंह कुशवाहा ने आज इंदौर में स्माइल परियोजना के तहत भिक्षुक पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला तथा गोलू शुक्ला, सामाजिक न्याय विभाग के आयुक्त डॉ. रामाराव भोंसले, परियोजना के नोडल अधिकारी तथा स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह तथा परियोजना की संचालक रुपाली जैन भी मौजूद थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुशवाहा ने कहा कि इंदौर शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने का कार्य बहुत बड़ा एवं चुनौतीपूर्ण है। इंदौर में चल रहा अभियान सराहनीय एवं अनुकरणीय है। इंदौर में इस अभियान को मिल रही सफलता को देखते हुए अब प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस तरह का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत सबसे पहले उज्जैन शहर से की जाएगी। कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छता के साथ अब इंदौर भिक्षावृत्ति मुक्ति में भी नंबर वन शहर बनेगा। सभी की सहभागिता से इंदौर को पूर्ण रूप से भिक्षावृत्ति से मुक्त शहर शीघ्र ही बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम को विधायक रमेश मेंदोला ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण परिसर को समाज की सहभागिता से पीड़तों की सेवा के लिए सुविधाजनक बनाया गया है। कार्यक्रम के प्रारंभ में सामाजिक न्याय विभाग के आयुक्त डॉ. रामाराव भोंसले, परियोजना के नोडल अधिकारी तथा स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह ने संबोधित किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *