अमिताभ बच्चन हुए भावुक अगस्त्य नंदा और अभिषेक बच्चन को साथ देख

हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा कुछ ही दिनों में आने वाली फिल्म 'द आर्चीज' के जरिए अपने अभिनय करियर की शुरुआत करेंगे। अगस्त के डेब्यू को लेकर पूरा बच्चन परिवार उत्साहित है। इसका सबूत खुद अमिताभ बच्चन ने एक पोस्ट के जरिए दिया है। दरअसल, आज गुरुवार को बिग बी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 'सैम बहादुर' की स्क्रीनिंग से एक तस्वीर साझा की, जिसमें अभिषेक बच्चन और अगस्त्य एक साथ पोज देते नजर आ रहे थे।

अमिताभ बच्चन ने अगस्त्य नंदा और अभिषेक बच्चन की तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “रक्त बहता है, दोनों में बच्चन है, आशीर्वाद सदा उनका तुम दोनों पर,” इसके साथ बिग बी ने एक हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी साझा किया। पोस्ट साझा किए जाने के तुरंत बाद बिग बी की नातिन और अगस्त्य की बहन नव्या नवेली नंदा ने भी तस्वीर पर अपना प्यार बरसाते हुए कमेंट में लाल दिल वाला इमोजी साझा किया। वहीं अभिषेक बच्चन ने कैप्शन में मुस्कुराता हुआ इमोजी साझा किया।

अगस्त्य नंदा 'द आर्चीज' के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जोया अख्तर के निर्देशन में बनी इस फिल्म से सुहाना खान और खुशी कपूर भी अभिनय की दुनिया में डेब्यू कर रही हैं। इसमें मिहिर आहूजा, वेदांग रैना और युवराज मेंडा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म सात दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

इससे पहले जब 'द आर्चीज' का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तब भी अमिताभ बच्चन ने अगस्त्य के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए ट्रेलर की तारीफ की थी। बिग बी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (ट्विटर) पर 'द आर्चीज' का ट्रेलर साझा किया था। कैप्शन में उन्होंने लिखा था, 'अगस्त्य, मेरा प्यार, आशीर्वाद और बहुत कुछ.. आप मशाल को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।" वहीं अभिषेक बच्चन ने भी अगस्त्य को करियर के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

वहीं बात करें अमिताभ बच्चन की आने वाली फिल्मों के बारे में तो बिग बी आखिरी बार टाइगर श्रॉफ और कृति सेनन के साथ फिल्म 'गणपत' में नजर आए थे। अब वे अगली बार 'कल्कि 2898 एडी' में प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हसन के साथ नजर आएंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *