बीजापुर नेशनल पार्क क्षेत्र में मुठभेड़, दो नक्सली ढेर होने की खबर

बीजापुर। बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शनिवार से मुठभेड़ जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक इलाके में नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली है। मुठभेड़ स्थल से एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार बरामद होने की भी जानकारी है।

जानकारी के अनुसार डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकले हुए थे। इसी दौरान उनकी मुठभेड़ नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से हो गई। शनिवार सुबह से ही दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। हालात को देखते हुए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

बीजापुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि अभियान अभी जारी है। ऐसे में मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल बलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा सकतीं, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षाबल मारे गए नक्सलियों के शवों की बरामदगी और अन्य नक्सलियों की तलाश में जुटे हुए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *