रायगढ़ में जूटमिल पर कुर्की नोटिस:पेट्रोल पंप समेत 5 संस्थानों को निगम ने किया सील
रायगढ़, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में टैक्स वसूली को लेकर निगम ने अभियान शुरू कर दिया है। निगम ने जूटमिल पर 26 लाख से अधिक का संपत्ति कर बकाया होने पर कुर्की नोटिस चस्पा किया है। वहीं, पेट्रोल पंप समेत 5 संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा बड़े बकायदारों की सूची बनाकर लगातार संस्थानों को सील किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शहर में कई बड़े बकायदार हैं, जो लंबे समय से संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर और यूजर चार्ज नहीं चुका रहे हैं। टैक्स वसूलने के लिए नगर निगम ने राजस्व, अतिक्रमण, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई शुरू की है। संयुक्त टीम ने जूटमिल पर कुर्की नोटिस चस्पा किया।
बताया गया कि जूटमिल पर 26 लाख 38 हजार 418 रुपए संपत्ति कर बकाया है। इसके बाद बड़े बकायदारों की सूची पर कार्रवाई की गई। इसमें गोरखा पतरापाली चौक स्थित सुनील गर्ग के पेट्रोल पंप को सील किया गया। पेट्रोल पंप संचालक सुनील गर्ग पर 2013 से 11 लाख 68 हजार 510 रुपए संपत्ति कर सहित अन्य कर बकाया था, जिसमें उन्होंने बीच में कुछ आंशिक राशि जमा की थी।
इन पर भी की गई कार्रवाई
इसी तरह भगवानपुर निवासी मुन्ना के गाड़ी संबंधी संस्थान पर 1 लाख 40 हजार रुपए से अधिक, गौरंग सिंह सिदार के संस्थान पर 2 लाख 32 हजार रुपए से अधिक और चक्रधर नगर के कबाड़ी दुकान संचालक अब्दुल सत्तार पर 2 लाख 27 हजार रुपए से अधिक बकाया होने पर सील करने की कार्रवाई की गई।
साथ ही जूटमिल मस्जिद के सामने संचालित नंदु सतनामी केयर ऑफ प्रकाश के संस्थान पर कुर्की नोटिस चस्पा करते हुए सील किया गया। इन सभी बकायादारों को बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अपने बकाया टैक्स का भुगतान नहीं किया गया। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित संपत्तियों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए और नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की।
बकाया टैक्स पटाने की अपील
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर वसूली अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बड़े बकायेदारों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बकायेदारों से अपील की है कि वे शीघ्र अपने बकाया कर का भुगतान कर लें, अन्यथा उनके विरुद्ध कुर्की, सीलिंग और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अवकाश के दिन भी कार्यालय खुला रहेगा
निगम प्रशासन द्वारा सूचना जारी कर बताया कि राजस्व विभाग की ओर से अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोला जा रहा है, जिससे नागरिक आसानी से अपने संपत्ति कर, जलकर, यूजर चार्ज और अन्य देय राशि जमा कर सकेंगे।
