बिलासपुर में अवैध कब्जा हटाने गई नगर निगम की टीम पर हमला, आरोपी गिरफ्तार…

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अवैध कब्जा हटाने गई नगर निगम की टीम पर मंगलवार को दो युवकों ने हमला कर दिया। तार से निगम के अफसर का गला दबा दिया। यह देखकर आसपास के लोगों और दस्ते में शामिल कर्मचारियों ने अफसर को बचाया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के मुताबिक, साइंस कॉलेज की छात्राओं ने पिछले दिनों कलेक्टर से शिकायत की थी। इसमें बताया था कि कॉलेज के आसपास मौजूद दुकानों में दिन भर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। यह लोग कॉलेज आने-जाने के दौरान छात्राओं से छेड़खानी करते हैं। इसके बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को वहां बनी अवैध दुकानें हटाने के निर्देश दिए थे। 

इसके बाद मंगलवार को निगम की अतिक्रमण शाखा का दस्ता कार्रवाई के लिए पहुंचा था। साइंस कॉलेज रोड पर जेसीबी से अवैध कब्जा तोड़ने की कार्रवाई हो रही थी। कार्रवाई के दौरान वहां पर अतिक्रमण शाखा के अधिकारी प्रमिल शर्मा खड़े हुए थे। आरोप है कि तभी गोल्डी और भावेश आए और उन पर हमला कर दिया। पीछे से तार उनके गले में फंसा दिया और दबाने का प्रयास करने लगा। यह देखकर आसपास के लोग और कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद हमलावर युवकों की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने आरोपियों को बचाया।

आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद आरोपियों को उनके हवाले कर दिया गया। वहीं नगर निगम आयुक्त कुणाल दुदावत ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अफसर की ओर से उनके खिलाफ शिकायत थाने में दी गई है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *