रायपुर एयरपोर्ट पर आठ साल से खड़ा है बांग्लादेशी विमान….

छत्‍तीसगढ़ के स्वामी विवेकानंद विमानतल में आपातकाल में उतारे गए बांग्लादेशी विमान को यहां रखे सात अगस्त को आठ वर्ष पूरे हो जाएंगे। इन आठ वर्षों में इस विमान का किराया लगभग सवा तीन करोड़ पहुंच गया है।

होने वाली है बांग्लादेशी विमान की नीलामी

बताया जा रहा है कि रायपुर विमानतल अथारिटी द्वारा इस विमान की नीलामी की तैयारी की जा रही है। विमानतल अथारिटी ने बांग्लादेशी कंपनी को नोटिस जारी कर दिया है। नीलामी के लिए कंपनी के जवाब का इंतजार है। वहीं विमानतल अथारिटी द्वारा अपने कानूनी सलाहकारों से इस संबंध में चर्चा की जा रही है। रायपुर विमानतल के निदेशक प्रवीण जैन ने बताया कि बांग्लादेशी कंपनी का जवाब आते ही नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यह था पूरा मामला

जानकारी के अनुसार 173 यात्रियों के साथ ढाका से मस्कट जाने के दौरान सात अगस्त 2015 को एमडी 83 विमान में खराबी आ गई थी। आपात स्थिति में इस विमान की लैंडिंग रायपुर विमानतल में करवाई गई और दूसरे दिन यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया। उसके बाद से यह बांग्लादेशी विमान रायपुर विमानतल में ही खड़ा है।

2019 में खसकाया गया था 300 मीटर

बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 में बांग्लादेशी विमानन कंपनी के विशेषज्ञ रायपुर पहुंचे थे और उन्होंने इस विमान को 300 मीटर खिसकाया था। उन विशेषज्ञों ने कहा था कि विमान को जल्द से जल्द ले जाया जाएगा।

70 से अधिक बार लिखे जा चुके पत्र व ईमेल

रायपुर विमानतल अथारिटी द्वारा बांग्लादेशी कंपनी को वर्ष 2015 से लेकर अब तक 70 बार से अधिक पत्र लिखे जा चुके है। इसके साथ ही ईमेल किए जा चुके है। इस बार रायपुर विमानतल अथारिटी ने नीलामी को लेकर बांग्लादेशी कंपनी को नोटिस जारीकिया है और कंपनी के जवाब का इंतजार बना हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *