दुबई से लौटे भोपाल के इंजीनियर, बोले- हालात सामान्य

भोपाल, ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध के बीच दुबई से भोपाल लौटे मोहम्मद समी खान ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से दुबई में एमवीपी डिजाइन इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं।

उनका कहना है कि हालात को लेकर बाहर जितनी चिंता दिखाई दे रही है, वहां आम लोगों की जिंदगी उतनी प्रभावित नहीं है। ऑफिस, मॉल और रेस्टोरेंट सामान्य तरीके से चल रहे हैं, हालांकि सुरक्षा के लिहाज से कुछ जगहों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। बता दें कि समी शुक्रवार को भोपाल पहुंचे।

समी के मुताबिक दुबई में रोजमर्रा की जिंदगी काफी हद तक सामान्य है। लोग अपने काम पर जा रहे हैं और शहर की गतिविधियां भी जारी हैं। उन्होंने बताया कि कुछ भीड़भाड़ वाली जगहों को सरकार ने एहतियातन बंद कर रखा है, ताकि लोगों की सुरक्षा बनी रहे।

मिसाइलों की आवाज से होता था खौफ

उन्होंने बताया कि कई बार दूर से मिसाइल गुजरने या धमाके जैसी आवाज सुनाई देती थी। ऐसे समय लोगों में थोड़ी घबराहट जरूर होती थी। हालांकि यूएई सरकार तुरंत मोबाइल पर नोटिफिकेशन भेजकर लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह देती है और स्थिति सामान्य होते ही फिर से सुरक्षित होने का संदेश भी जारी किया जाता है।

फ्लाइट कैंसिल होने से लौटना हुआ मुश्किल

भारत लौटने के अनुभव को साझा करते हुए समी ने कहा कि सबसे बड़ी दिक्कत फ्लाइट्स को लेकर रही। टिकट मिलना मुश्किल था और जो फ्लाइट मिलती थी वह कई बार कैंसिल या रिशेड्यूल हो जाती थी। उनके मुताबिक फ्लाइट का समय बार-बार बदलता रहा, लेकिन आखिरकार उन्हें टिकट मिल गया और वह भोपाल पहुंच पाए।

टिकट के दाम तीन गुना तक बढ़े

उन्होंने बताया कि इस स्थिति के कारण हवाई टिकट के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। सामान्य दिनों में जिस फ्लाइट का किराया लगभग 900 से 1100 दिरहम होता है, वही टिकट उन्हें करीब 3000 दिरहम में मिला। वहीं चार्टर्ड फ्लाइट का किराया भारतीय मुद्रा में ढाई से तीन लाख रुपए तक पहुंच गया है।

घबराने की जरूरत नहीं, सरकार मदद कर रही

दुबई में फंसे लोगों के लिए समी का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक भारतीय और यूएई सरकार दोनों ही लोगों की मदद कर रही हैं। कई जगहों पर रहने की व्यवस्था भी कराई जा रही है, इसलिए लोगों को संयम रखना चाहिए और सही जानकारी के आधार पर ही यात्रा की योजना बनानी चाहिए।

फ्लाइट बुकिंग में सावधानी जरूरी

उन्होंने सलाह दी कि फ्लाइट बुक करते समय लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। यदि संभव हो तो सीधे एयरलाइन कंपनी या किसी एजेंट के माध्यम से जानकारी लें, क्योंकि कई बार फ्लाइट कैंसिल नहीं होती बल्कि उसका समय बदल दिया जाता है। सही अपडेट मिलने से अनावश्यक घबराहट से बचा जा सकता है।

शादी की वजह से लौटना पड़ा जल्दी

समी ने बताया कि उनके भारत आने की एक बड़ी वजह उनकी शादी भी है, जो करीब सौ दिन बाद होने वाली है। घर में पहले से तैयारियां चल रही थीं और परिवार को भी चिंता थी कि वह समय पर लौट पाएंगे या नहीं। इसी कारण उन्होंने लगातार फ्लाइट की कोशिश जारी रखी और टिकट मिलते ही भारत लौट आए।

परिवार की चिंता ने बढ़ाई बेचैनी

उन्होंने कहा कि उनके दोनों भाई दुबई में रहते हैं, इसलिए परिवार को उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता थी। खासकर माता-पिता इस बात को लेकर परेशान थे कि दोनों बेटे एक साथ विदेश में हैं। इसी वजह से घर में जल्दी लौटने का दबाव भी था। भोपाल पहुंचने के बाद समी ने कहा कि शादी के बाद वह फिर से दुबई लौटने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि वहां हालात पूरी तरह असामान्य नहीं हैं और कामकाज सामान्य रूप से जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *