भोपाल का ‘सीरियल कटर मैन’ गिरफ्तार, पत्नी से झगड़े का गुस्सा युवतियों पर हमला कर निकाल रहा था
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले दिनों पिपलानी और अयोध्या नगर में युवतियों पर ब्लैड से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देर रात छोला क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह सागर जिले का रहने वाला है और अपनी पत्नी से हुए झगड़े के बाद युवतियों पर हमला कर गुस्सा निकाल रहा था। ब्लैड से हमले की घटनाओं से भोपाल में युवतियां दहशत में थीं। पुलिस ने आरोपी की तलाश में 20 हजार रुपये का इनाम भी रखा था। इसके साथ ही इसे पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी जानकारी जुटा रहे थे। इसके साथ ही पुलिस ने शहर में बदमाशों और अन्य आपराधिक प्रवृत्ति वालों का डाटा निकालकर भी मैच करने की कोशिश की थी। कुछ थानों में पुलिस ने पहले ब्लैड से हमला करने वालों और छेड़छाड़ की वारदातों के संदिग्धों से भी पूछताछ की थी।
सुनसान गलियों में बनाया निशाना
आरोपी पहचान छुपाने के लिए टोपी पहनकर रखता था और काले रंग की बाइक पर घूमता था। लड़कियों को निशाना बनाने के लिए वो ऐसी जगह देखता था जहां इलाका सुनसान हो और अंधेरा भी हो। एक सीसीटीवी फुटेज में आखिरी बार वो भानपुर ब्रिज की तरफ जाता हुआ दिखा था। आरोपी ने पिपलानी, सोनागिरी और अयोध्यानगर क्षेत्र में तीन अलग-अलग युवतियों पर हमला किया था। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल था। इस वारदात के बाद पुलिस ने पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी थी और काले रंग की बाइक और सिर पर कैप पहने आरोपी के हुलिए के आधार पर तलाश भी कर रही थी। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है, जिसके बाद और भी खुलासे होने के आसार हैं।
